“भारत की जेन-ज़ी और युवाओं में लोकतंत्र बहाल करने की शक्ति है”: राहुल गांधी

- नेहा पाठक
नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को हरियाणा में कथित मतदाता धोखाधड़ी पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि भारत की जनरेशन-ज़ी और युवा देश के लोकतांत्रिक ढांचे को पुनर्स्थापित करने की ताकत रखते हैं। उन्होंने युवाओं से लोकतंत्र की रक्षा के लिए आगे आने की अपील की।
‘एच फाइल्स’ से जुड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने कहा, “मैं चाहता हूं कि भारत के युवा, जेनरेशन-ज़ी इसे स्पष्ट रूप से समझें, क्योंकि यह आपके भविष्य का सवाल है। हम चुनाव आयोग और लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं — और हमारे पास इसके 100 प्रतिशत प्रमाण हैं। हमें विश्वास है कि कांग्रेस की भारी जीत को हार में बदलने के लिए एक सुनियोजित योजना बनाई गई।”
प्रस्तुति की अंतिम स्लाइड में लिखा था — “भारत की जनरेशन-ज़ी और युवाओं में सत्य और अहिंसा के साथ हमारे लोकतंत्र को बहाल करने की शक्ति है।”
कांग्रेस नेता ने हरियाणा में कथित मतदाता धोखाधड़ी को “भारत के लोकतंत्र पर बुनियादी हमला” बताया। उन्होंने कहा, “यह महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव अंबेडकर, जवाहरलाल नेहरू, सरदार पटेल और सुभाष चंद्र बोस के दृष्टिकोण पर हमला है। गांधी जी की हत्या की गई थी, और आज उनके विचारों की हत्या की जा रही है। यही इस समय हो रहा है।”
राहुल गांधी ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है, किसी राजनीतिक दल की नहीं। उन्होंने कहा, “अगर मतदाता सूची में कोई गड़बड़ी है, तो यह हमारी समस्या नहीं है। चुनाव आयोग को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि सूची सटीक हो। आयोग जिम्मेदारी राजनीतिक दलों पर डालने की कोशिश करता है, जबकि उनके पास पूरा डाटाबेस ही नहीं है। अगर हमें डेटा दिया जाए, तो हम त्रुटियां सुधार सकते हैं — लेकिन चुनाव आयोग ऐसा नहीं करता।”
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि यह मुद्दा सिर्फ एक राज्य का नहीं, बल्कि पूरे भारत के लोकतांत्रिक भविष्य से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को सत्य और अहिंसा के माध्यम से लोकतंत्र की रक्षा के लिए आगे आना होगा।



