HomeNEWSBJP सरकार में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी चरम पर : अखिलेश यादव

BJP सरकार में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी चरम पर : अखिलेश यादव

कमीशनखोरी ने पूरे तंत्र को जकड़ लिया है और बिना कमीशन के कोई भी काम नहीं हो रहा।

  • अखिलेश कुमार अग्रहरि

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और कालाबाजारी का बोलबाला है। हर विभाग में लूट का खेल चल रहा है और जनता इससे त्रस्त है।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा के विधायक खुद स्वीकार कर चुके हैं कि उन्हें विधायक निधि से दस फीसदी कमीशन मिल रहा है। यही हाल सरकारी विभागों में भी है। कमीशनखोरी ने पूरे तंत्र को जकड़ लिया है और बिना कमीशन के कोई भी काम नहीं हो रहा।

उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन से लेकर सड़कों के निर्माण तक भ्रष्टाचार साफ झलकता है। कई जगह पानी की टंकियां भ्रष्टाचार का भार सहन नहीं कर पाईं और ढह गईं। वहीं सड़कों की हालत इतनी खराब है कि बनते ही उखड़ जाती हैं। भाजपा सरकार गड्ढामुक्त अभियान के दावे करती रही, लेकिन नौ साल बाद भी प्रदेश की सड़कों पर गड्ढे जस के तस बने हुए हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार में कालाबाजारी और मुनाफाखोरी भी चरम पर है। किसानों को समय पर खाद नहीं मिल रही। पूरे प्रदेश में खाद की कालाबाजारी हो रही है। किसान घंटों लाइनों में खड़े रहे, लाठियां खाईं लेकिन खाद नहीं मिली। खाद की कमी से फसलें बर्बाद हो गईं।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सुनियोजित साजिश के तहत किसानों को तबाह कर रही है ताकि वे खेती छोड़कर मजदूरी करने पर विवश हो जाएं। यह सरकार किसानों की जमीन और खेती-किसानी हड़पने पर आमादा है।

अखिलेश यादव ने दावा किया कि प्रदेश का किसान, नौजवान और बेरोजगार अब भाजपा के षड्यंत्रों को समझ चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 में जनता भाजपा का सफाया कर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का अंत करेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments