NEWSUttar Pradesh

DM ने सिकठिया PHC का औचक निरीक्षण किया, सभी स्वास्थ्यकर्मी मौजूद और OPD नियमित

  • प्रतीक कुमार

कानपुर नगर। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने शुक्रवार को सरसौल विकासखंड स्थित सिकठिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र पर तैनात सभी तीनों स्वास्थ्यकर्मी मौजूद पाए गए और ओपीडी सेवाएं नियमित रूप से संचालित हो रही थीं।

इलाज के लिए आए मरीजों, जिनमें श्यामकली और रेखा शामिल थीं, ने पीएचसी की चिकित्सक डॉ. पूनम सिंह की प्रशंसा की। मरीजों ने बताया कि डॉ. सिंह नियमित और पूरे सेवाभाव के साथ अपना कार्य करती हैं। यह सुनकर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया।

जिलाधिकारी ने मरीजों और उनके परिजनों से दवा वितरण व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी ली। सभी मरीजों ने पुष्टि की कि उन्हें दवाएं समय पर उपलब्ध हो रही हैं।

निरीक्षण में यह भी पता चला कि केंद्र पर लैब टेक्नीशियन संदीप कुमार तैनात हैं, लेकिन आवश्यक उपकरणों की कमी के कारण पैथोलॉजिकल जांचें नहीं हो पा रही हैं।

इस समस्या के समाधान के लिए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को निर्देश दिए कि आगामी 15 दिनों के भीतर आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाएं, ताकि जांच कार्य सुचारू रूप से प्रारंभ हो सके और मरीजों को पूरी स्वास्थ्य सेवा प्रदान की जा सके।

Related Articles

Back to top button