PM मोदी के जन्मदिन से गांधी जयंती तक BJYM मनाएगा सेवा पखवाड़ा

UP से बनेगा रक्तदान का नया इतिहास
- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) से लेकर गांधी जयंती (2 अक्टूबर) तक विशेष “सेवा पखवाड़ा” मनाने का ऐलान किया है। इस दौरान पूरे उत्तर प्रदेश में रक्तदान शिविर, नशामुक्ति मैराथन, और सेवा कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष प्रांशु दत्त द्विवेदी ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में हुई प्रेसवार्ता में बताया कि इस अभियान का लक्ष्य है कि देश में सबसे ज्यादा रक्तदान यूनिट उत्तर प्रदेश से आएं। 17 सितंबर को पूरे राज्य के मंडल स्तर पर रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें कार्यकर्ता, पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि भाग लेंगे।
रक्तदान शिविरों में हर रक्तदाता का ब्लड ग्रुप और विवरण दर्ज कर एक डेटाबेस तैयार किया जाएगा, ताकि भविष्य में जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके। सबसे अधिक रक्तदान कराने वाले जिलाध्यक्ष को सम्मानित भी किया जाएगा।
BJYM अध्यक्ष ने बताया कि 21 सितंबर से “नमो मैराथन” की शुरुआत होगी, जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। यह मैराथन प्रदेश के 16 प्रमुख शहरों में आयोजित की जाएगी। पंजीकरण के माध्यम से 10,000 से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसका उद्देश्य नशामुक्त समाज के लिए युवाओं को प्रेरित करना है।
प्रांशु दत्त द्विवेदी ने कहा कि “भाजयुमो कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकार के साथ जुटकर इस पखवाड़े को ऐतिहासिक बनाएंगे।”



