UP बनेगा देश की नंबर वन अर्थव्यवस्था: CM योगी


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर में डीप टेक्नोलॉजी पर आधारित एक अत्याधुनिक सेंटर स्थापित किया जा रहा है, जिसकी अगुवाई आईआईटी कानपुर करेगा।
- सौरभ शुक्ला
कानपुर नगर। आईआईटी कानपुर में आयोजित ‘समन्वय’ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जल्द ही इसे नंबर वन अर्थव्यवस्था बनाने की तैयारी चल रही है।
सीएम ने याद दिलाया कि 1960 तक यूपी का देश की अर्थव्यवस्था में 14% योगदान था, लेकिन उपेक्षा के कारण यह घटकर 7% रह गया और प्रदेश बीमारू राज्यों की श्रेणी में आ गया। उन्होंने कहा कि पिछले आठ वर्षों में स्थिति बदली है और अब प्रदेश तरक्की की राह पर है।

विकास और तकनीक पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा, सस्टेनेबिलिटी, कृषि और जल संसाधनों पर बड़े पैमाने पर काम हो रहा है।
- 2017 में केवल लखनऊ और गौतमबुद्ध नगर में साइबर थाना थे, जबकि आज सभी 75 जिलों में साइबर थाने स्थापित हैं।
- सभी 1583 थानों में महिला हेल्प डेस्क मौजूद हैं।
- महोबा के किसान अब सालाना ₹5,000 नहीं बल्कि ₹50,000 तक कमा रहे हैं।
- पिछले आठ वर्षों में 6 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।
भारत की अर्थव्यवस्था पर नजर
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 17वीं शताब्दी तक भारत वैश्विक जीडीपी में 25% योगदान देता था, जो 1947 तक घटकर 2% रह गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और अगले दो वर्षों में तीसरे स्थान पर पहुंचने की ओर अग्रसर है।
आईआईटी कानपुर की उपलब्धियां
आईआईटी निदेशक प्रो. मणींद्र अग्रवाल ने बताया कि संस्थान बंदरगाहों की साइबर सुरक्षा का जिम्मा निभा रहा है और ऑपरेशन सिंदूर के दौरान कोई नुकसान नहीं हुआ। इसके अलावा:
- अगले साल तक मेडिकल स्कूल और मेडटेक सेंटर तैयार होंगे।
- प्रदूषण मापने वाली AQI इंडेक्स तकनीक और गृह मंत्रालय का ग्रिवांस सेल भी आईआईटी ने विकसित किया है।
उद्योग और संस्थान का गठजोड़
समन्वय कार्यक्रम में आईआईटी कानपुर और टीसीएस के बीच स्मार्ट सिटी के लिए समझौता हुआ। इस साझेदारी के तहत एआई, रिमोट सेंसिंग, डिजिटल ट्विन और डेटा साइंस का उपयोग शहरों की समस्याओं के समाधान में किया जाएगा।

कार्यक्रम में शामिल हुए
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, एमएसएमई मंत्री राकेश सचान, टीसीएस के सीटीओ डॉ. हैरिस विन, निदेशक प्रो. मणींद्र अग्रवाल और उप निदेशक प्रो. बृजभूषण ने किया। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त अखिल कुमार, एडीजी जोन आलोक सिंह सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।



