
स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री प्रतिभा शुक्ला एवं विधायक डॉ. सुरभि के साथ बड़ी संख्या में लोगों ने किया योगाभ्यास
- कृष्ण कुमार
फर्रुखाबाद। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद फर्रुखाबाद स्थित स्वर्गीय ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में विशाल सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता कर योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ और निरोग जीवन का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में माननीय मंत्री प्रतिभा शुक्ला एवं कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि की उपस्थिति में सामूहिक योगाभ्यास किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी संबोधन का भी श्रवण किया गया, जिसमें उन्होंने योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. सुरभि ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है। योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मन, बुद्धि और आत्मा को संतुलित कर जीवन को ऊर्जा, अनुशासन और सकारात्मकता से परिपूर्ण करने का सशक्त साधन है।

उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की इस महान परंपरा को अपना रही है, जो हमारे सांस्कृतिक गौरव और आध्यात्मिक समृद्धि का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज यह स्वस्थ, समर्थ एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का जनआंदोलन बन चुका है।
मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने भी योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मानुशासन और समग्र कल्याण का मार्ग है। उन्होंने लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह से स्वस्थ, सशक्त एवं निरोग भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान करते हुए कहा गया कि नियमित योगाभ्यास से ही स्वस्थ और अनुशासित जीवन की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


