

कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन और योग को दैनिक दिनचर्या में अपनाने का लिया संकल्प
- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम के अंतर्गत ग्रीन पार्क स्टेडियम एवं रिजर्व पुलिस लाइन में भव्य योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, जनप्रतिनिधियों, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने प्रतिभागियों के साथ योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में सांसद रमेश अवस्थी, विधायक सुरेंद्र मैथानी, विधायक सरोज कुरील, एमएलसी अरुण पाठक, जनपद के नोडल अधिकारी एस. सुंदरम एम.के., पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, संयुक्त पुलिस आयुक्त संकल्प शर्मा, संयुक्त पुलिस आयुक्त विपिन टाडा, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन तथा क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. कप्तान सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
रिजर्व पुलिस लाइन, कमिश्नरेट कानपुर नगर में पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल के नेतृत्व एवं उपस्थिति में सामूहिक योगाभ्यास आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन योगाचार्य राहुल यादवंशी एवं योगाचार्या नेहा गुप्ता द्वारा किया गया। उनके निर्देशन में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी संबोधन का सजीव प्रसारण भी सुना। वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्व के अनेक देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है।
आर्ट ऑफ लिविंग के प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने वीरभद्रासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, चक्रासन, दंडासन, पद्मासन, वज्रासन, शलभासन, भुजंगासन, विपरीत शलभासन, नौकासन, पवनमुक्तासन, सेतुबंधासन तथा शवासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। इसके साथ ही कपालभाति, अनुलोम-विलोम और भ्रामरी प्राणायाम भी कराया गया।
कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा के एकीकरण का माध्यम है। उन्होंने कहा कि ‘करें योग, रहें निरोग’ केवल एक संदेश नहीं बल्कि स्वस्थ जीवन का मूल मंत्र है। उन्होंने लोगों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा संतुलित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जो आज पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का संदेश दे रही है। वहीं जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि बदलती जीवनशैली और बढ़ते तनाव के बीच योग स्वस्थ जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है।
रिजर्व पुलिस लाइन, कमिश्नरेट कानपुर नगर में भी पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल के नेतृत्व में सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन योगाचार्य राहुल यादवंशी एवं योगाचार्या नेहा गुप्ता द्वारा किया गया। उनके निर्देशन में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रशिक्षुओं को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वस्थ, अनुशासित एवं तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” के मूलभाव के साथ योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।

योग सप्ताह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। योगासन प्रतियोगिता में आयुषी रावत, अंश कुमार सविता, मालती सचान, नविका सिंह चौहान, मिहिका सचान, देवशी द्विवेदी एवं अनन्या राजपूत को प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान वन विभाग द्वारा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत विभिन्न प्रजातियों के पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।
ग्रीन पार्क एवं पुलिस लाइन में आयोजित इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों, योग प्रशिक्षकों, पुलिसकर्मियों एवं आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर योग को दैनिक जीवन में अपनाने तथा स्वस्थ, सकारात्मक एवं अनुशासित समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

इस अवसर पर सांसद रमेश अवस्थी, विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक, विधायक सुरेंद्र मैथानी, विधायक सरोज कुरील, पुलिस आयुक्त कानपुर नगर, जिलाधिकारी कानपुर नगर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो शारीरिक सुदृढ़ता, मानसिक शांति एवं आत्मिक संतुलन प्रदान करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज योग वैश्विक स्तर पर भारतीय संस्कृति एवं जीवन-दर्शन का प्रभावी प्रतीक बन चुका है।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ, सकारात्मक एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने तथा जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।


