कीरत सागर तट से होगा योग सप्ताह का शुभारंभ, 21 जून को जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित होगा भव्य योग दिवस कार्यक्रम
- प्रतीक कुमार
महोबा। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस वर्ष की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग (Yoga For Healthy Aging)” के तहत कलेक्ट्रेट सभागार में शहर के सम्मानित नागरिकों, समाजसेवियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जनपद में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को व्यापक एवं प्रभावी रूप से आयोजित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि 15 जून से 20 जून 2026 तक जनपद के ऐतिहासिक एवं प्रमुख स्थलों पर योग सप्ताह का आयोजन किया जाए तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 जून 2026 को योग सप्ताह का शुभारंभ महोबा के ऐतिहासिक कीरत सागर तट स्थित आल्हा मंच से किया जाएगा। इसके बाद पूरे सप्ताह विभिन्न स्थानों पर योग कार्यक्रम, जागरूकता गतिविधियां और जनसहभागिता आधारित आयोजन किए जाएंगे।
साथ ही निर्देश दिए गए कि जनपद के सभी शिक्षण संस्थानों, ग्राम पंचायतों, नगर निकायों एवं सामाजिक संगठनों के सहयोग से योग सप्ताह के कार्यक्रमों का व्यापक स्तर पर आयोजन कराया जाए, ताकि योग के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़े और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिल सके।
बैठक में यह भी तय किया गया कि 21 जून 2026 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम, महोबा में बृहद स्तर पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों, विद्यार्थियों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को कार्यक्रमों की सफल एवं व्यवस्थित रूप से तैयारी करने तथा योग दिवस को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए हैं।


