दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन, महंगाई और बिजली कटौती पर भी जताया विरोध
- अभिषेक कुमार
उन्नाव। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से 26 मई 2026 की मध्य रात्रि को जनपद के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर लगाए गए कथित आपत्तिजनक होर्डिंग्स के विरोध में समाजवादी पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में सपा नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले में शामिल लोगों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की।
सपा नेताओं ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं सामाजिक सौहार्द और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए नुकसानदायक हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे।

ज्ञापन के दौरान पार्टी नेताओं ने बढ़ती महंगाई, डीजल-पेट्रोल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि तथा बिजली कटौती के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि आम जनता महंगाई और बुनियादी सुविधाओं की समस्याओं से परेशान है, लेकिन सरकार इन मुद्दों के समाधान में विफल साबित हो रही है।
मीडिया से बातचीत करते हुए जिलाध्यक्ष राजेश कुमार यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए विपक्ष को बदनाम करने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं को रोजगार, निष्पक्ष भर्ती परीक्षाएं और महंगाई जैसे विषयों पर सरकार जवाब देने में असफल रही है।
प्रदर्शन और ज्ञापन कार्यक्रम में अन्नू टंडन, सुधीर रावत, उदयराज यादव, बदलू खां, राधेलाल रावत, डॉ. आँचल वर्मा, मुन्ना अल्वी सहित समाजवादी पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन और तेज करेगी।


