HomeNEWSमैनपुरी में महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान ने जिला महिला...

मैनपुरी में महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान ने जिला महिला चिकित्सालय का किया निरीक्षण

स्वास्थ्य सुविधाओं, स्वच्छता और पेयजल व्यवस्था का लिया जायजा, एचपीवी टीकाकरण कराने वाली बालिकाओं का बढ़ाया उत्साह

  • कृष्णा कुमार

मैनपुरी। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान ने महर्षि मार्कण्डेय की तपोभूमि जनपद मैनपुरी के प्रवास के दौरान महाराजा तेज सिंह जिला महिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल उपलब्धता तथा मरीजों को प्रदान की जा रही सेवाओं का गहनता से अवलोकन किया।

अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान ने अस्पताल में भर्ती महिलाओं एवं मरीजों से सीधे संवाद कर स्वास्थ्यकर्मियों के कार्य-व्यवहार, उपचार की गुणवत्ता और अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने मरीजों से किसी प्रकार की समस्या होने पर उसे खुलकर बताने का आग्रह किया तथा अस्पताल प्रशासन को सेवाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने वार्डों, ओपीडी, पेयजल व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर डॉ. बबिता सिंह चौहान ने एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण कराने वाली बालिकाओं से भी मुलाकात की और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बालिकाओं एवं अभिभावकों को जागरूक करते हुए कहा कि एचपीवी टीकाकरण भविष्य में गंभीर बीमारियों से बचाव का प्रभावी माध्यम है तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता समाज को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा अस्पताल में स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर वातावरण बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments