प्रदेश कार्यालय में अभियंताओं ने सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष को दी बधाई, अखिलेश यादव ने राष्ट्र निर्माण में इंजीनियरों की भूमिका को बताया महत्वपूर्ण
- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में मंगलवार को भारतीय अभियंता दिवस के अवसर पर अभियंताओं ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की और उन्हें इंजीनियर दिवस की बधाई दी।
इस अवसर पर इंजीनियर अरविन्द यादव, इंजीनियर तेज शंकर अवस्थी, सेवानिवृत्त शिफ्ट इंचार्ज एचएएल, इंजीनियर मधुर यादव, इंजीनियर विनय यादव, इंजीनियर हिमांशु द्विवेदी, दिनेश गौतम, अवनेन्द्र यादव और इंजीनियर सुल्तान ने अखिलेश यादव से भेंट की।
भारतीय अभियंता दिवस भारत रत्न सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। देश के विकास में उनके योगदान, दूरदर्शिता और समर्पण को याद करते हुए प्रत्येक वर्ष अभियंता दिवस मनाया जाता है।
अखिलेश यादव ने इस अवसर पर सभी अभियंताओं को इंजीनियर दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि इंजीनियर आधुनिक सभ्यता की रीढ़ हैं। राष्ट्र निर्माण, तकनीकी विकास और मानव कल्याण में अभियंताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस दौरान अभियंताओं ने तकनीकी क्षेत्र और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की।


