राजकीय पॉलिटेक्निक में आयोजित कार्यक्रम में छात्रों को ऑनलाइन ठगी, ओटीपी फ्रॉड, फर्जी कॉल और संदिग्ध लिंक से बचाव के बताए गए तरीके
- नरेश राठौर
झांसी। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, झांसी द्वारा राजकीय पॉलिटेक्निक, ग्वालियर रोड, झांसी में साइबर अपराध जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया तथा डिजिटल भुगतान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के प्रांतीय संगठन मंत्री कुलदीप नगाइच ने की। मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश प्राविधिक शिक्षा विभाग, बुंदेलखंड जोन के संयुक्त निदेशक संदीप कुमार सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में राम नरेश तिवारी, राष्ट्रीय मंत्री, किसान मोर्चा (भारतीय जनता पार्टी), उपस्थित रहे। इसके साथ ही इस्कॉन मंदिर के वाइस प्रेसिडेंट रंजन दास की भी गरिमामय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में साइबर सेल, जनपद झांसी के प्रभारी मो. आरिफ ने साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने फर्जी कॉल, ओटीपी, संदिग्ध लिंक, ऑनलाइन पेमेंट तथा सोशल मीडिया से जुड़े साइबर अपराधों के प्रति विशेष सावधानी बरतने की अपील की।

उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी लोगों को अलग-अलग तरीकों से झांसे में लेकर उनकी व्यक्तिगत एवं वित्तीय जानकारी हासिल करने का प्रयास करते हैं। ऐसे में किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी अथवा अन्य संवेदनशील जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। उन्होंने किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में समय रहते शिकायत करने को भी महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम का संचालन अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, झांसी के जिला सचिव अतुल गुप्ता एडवोकेट ने किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक उपभोक्ता के साथ-साथ जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान “सोचें, समझें, फिर क्लिक करें” जैसे संदेशों के माध्यम से उपस्थित विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने का आह्वान किया गया। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल या ऑनलाइन ऑफर पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें।
इस अवसर पर राजकीय पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य वीरेंद्र कुमार, विभागाध्यक्ष दिलीप आर्या, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के जिला सह सचिव मनीष दुबे, प्रचार आयाम प्रमुख विशाल पांडे, आनंद चावला, नरेंद्र शिवहरे, राज नारायण राय एडवोकेट, गर्वित श्रीवास्तव, अर्जुन सहित राजकीय पॉलिटेक्निक के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में राजकीय पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य वीरेंद्र कुमार ने सभी अतिथियों एवं आयोजकों का आभार व्यक्त किया। वहीं अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, झांसी के सह सचिव मनीष दुबे ने साइबर सेल के अधिकारी, राजकीय पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य एवं विभागाध्यक्ष तथा सभी सम्मानित अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम के माध्यम से “सतर्क नागरिक—सुरक्षित डिजिटल समाज” और “सोचें, समझें, फिर क्लिक करें” का संदेश दिया गया।


