HomeNEWSअटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम बनकर तैयार, अगस्त में होगा लोकार्पण

अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम बनकर तैयार, अगस्त में होगा लोकार्पण

8.10 करोड़ की लागत से बने वातानुकूलित ऑडिटोरियम में 500 छात्रों के बैठने की क्षमता, आधुनिक स्टेज, लाइटिंग और साउंड सिस्टम की सुविधा

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। राजकीय इंटर कॉलेज, कानपुर नगर परिसर में 8.10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम बनकर तैयार हो गया है। करीब 500 छात्रों की क्षमता वाले इस आधुनिक एवं वातानुकूलित ऑडिटोरियम का इसी अगस्त माह में लोकार्पण कराया जाएगा। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को ऑडिटोरियम का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

कार्यदायी संस्था यूपी स्टेट कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा निर्मित इस ऑडिटोरियम को विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। यहां करीब 500 छात्रों के बैठने की व्यवस्था के साथ आधुनिक स्टेज, बेहतर लाइटिंग और साउंड सिस्टम की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

ऑडिटोरियम के शुरू होने के बाद राजकीय इंटर कॉलेज में शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों, संगोष्ठियों, प्रतियोगिताओं तथा अन्य बड़े आयोजनों के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होगा।

डीएम ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने ऑडिटोरियम की सीटिंग व्यवस्था, स्टेज, वातानुकूलन, लाइटिंग एवं साउंड सिस्टम सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं का परीक्षण कर उन्हें पूरी तरह क्रियाशील रखने तथा अगस्त माह में ऑडिटोरियम का लोकार्पण कराने के निर्देश दिए।

लंबे समय से लंबित थी परियोजना

उल्लेखनीय है कि 8.10 करोड़ रुपये की यह परियोजना वर्ष 2016 में शुरू हुई थी, लेकिन निर्माण कार्य लंबे समय तक लंबित रहा। फरवरी 2025 में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया था, जिसमें निर्माण कार्य लंबे समय से ठप पाया गया था।

इसके बाद जिलाधिकारी के स्तर से परियोजना को पुनः गति देने के लिए प्रशासनिक प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई और शासन स्तर पर आवश्यक पत्राचार किया गया। लंबित प्रकरणों के निस्तारण के बाद निर्माण कार्य ने दोबारा गति पकड़ी और अब ऑडिटोरियम का निर्माण पूरा हो चुका है।

ऑडिटोरियम के संचालन में आने से राजकीय इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को परिसर में ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त आयोजन स्थल उपलब्ध होगा। विशेष रूप से शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 500 सीटों की क्षमता वाला यह वातानुकूलित ऑडिटोरियम महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगा।

निरीक्षण के दौरान एडीआईओएस प्रशांत द्विवेदी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments