HomeNEWSसंगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस में जिला अध्यक्षों के चयन की...

संगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस में जिला अध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया शुरू

AICC पर्यवेक्षक रघु शर्मा ने कहा—सक्रिय, जवाबदेह और कार्यकर्ताओं के साथ खड़े रहने वाले नेतृत्व को मिलेगा अवसर

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) द्वारा संगठन को नए सिरे से मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से शुरू किए गए ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत कानपुर में जिला कांग्रेस अध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में AICC पर्यवेक्षक एवं राजस्थान के पूर्व कैबिनेट मंत्री तथा पूर्व सांसद रघु शर्मा ने प्रेस वार्ता को संबोधित किया।

रघु शर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश के साथ-साथ पश्चिम बंगाल और लद्दाख में भी एक साथ संगठन सृजन अभियान की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। अभियान के माध्यम से जिला कांग्रेस कमेटियों को अधिक मजबूत, जवाबदेह, सक्रिय और जनसरोकारों से सीधे जोड़ने के उद्देश्य से नए जिला अध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्ष के चयन में ऐसे नेतृत्व को प्राथमिकता दी जाएगी, जो सक्रिय, प्रतिबद्ध और जवाबदेह होने के साथ कार्यकर्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संगठन को मजबूत करने का काम करे। जिला अध्यक्ष के चयन के लिए छह लोगों का पैनल तैयार किया जाएगा, जिसमें सामाजिक संरचना का भी ध्यान रखा जाएगा।

रघु शर्मा ने कहा कि संगठन सृजन अभियान का उद्देश्य संगठन में नेतृत्व के अवसरों का विस्तार करना है। इसके तहत SC, ST, OBC, अल्पसंख्यक वर्ग, महिलाओं, युवाओं तथा प्रतिबद्ध कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नेतृत्व की जिम्मेदारी निभाने के अवसर प्रदान किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि पर्यवेक्षकों द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर चयन प्रक्रिया पूरी कर इसकी रिपोर्ट AICC को सौंपी जाएगी। इसके बाद जिला कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।

प्रेस वार्ता में कानपुर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता, कानपुर ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष संदीप शुक्ला, PCC से पूर्व विधायक मीता गौतम एवं प्रमोद सिंह सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments