HomeNEWSअवंती बाई लोधी की जयंती पर अखिलेश यादव ने किया नमन, बोले-...

अवंती बाई लोधी की जयंती पर अखिलेश यादव ने किया नमन, बोले- 2027 में भाजपा का सफाया तय

लखनऊ में आयोजित विशाल सम्मेलन में लोधी समाज को सम्मान और सामाजिक न्याय का भरोसा, अवंती बाई के जन्मदिन पर सरकारी अवकाश का किया ऐलान

अखिलेश कुमार अग्रहरि

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में वीरांगना महारानी अवंती बाई लोधी की 196वीं जयंती पर आयोजित विशाल सम्मेलन में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। सम्मेलन का आयोजन सपा नेता यशवीर लोधी ने किया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में लोधी समाज के नेता, कार्यकर्ता एवं अन्य विशिष्ट लोग शामिल हुए।

अखिलेश यादव ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में वीरांगना अवंती बाई लोधी ने अदम्य साहस और शौर्य के साथ अंग्रेजों का मुकाबला किया। महारानी लक्ष्मीबाई के साथ वीरांगना अवंती बाई के योगदान को भी देश हमेशा याद करता रहेगा। उन्होंने स्वतंत्रता की लड़ाई में अपना सर्वस्व न्योछावर कर देश की आजादी के आंदोलन को मजबूत किया।

उन्होंने घोषणा की कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर वीरांगना अवंती बाई लोधी की जयंती 16 अगस्त को सरकारी अवकाश घोषित किया जाएगा। उनके सम्मान में सरकारी स्तर पर कार्यक्रम आयोजित होंगे और लखनऊ के महत्वपूर्ण स्थल गोमती रिवरफ्रंट पर उनकी प्रतिमा स्थापित की जाएगी।

पीडीए के जरिए सामाजिक न्याय का दावा

अखिलेश यादव ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है और समाजवादी पार्टी को एक-एक वोट जोड़ना है। उन्होंने कहा कि पीडीए में सभी वर्गों को शामिल कर सामाजिक न्याय की मजबूत लड़ाई लड़ी जाएगी। सभी को सम्मान और अधिकार देने के लिए समाजवादी पार्टी जनता को साथ लेकर आगे बढ़ेगी।

उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता ने पीडीए के नारे पर भरोसा जताया और समाजवादी पार्टी को मजबूत समर्थन दिया। अब पार्टी दलों से ज्यादा जनता पर भरोसा करते हुए अपने गठबंधन को और मजबूत करेगी।

भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं को लेकर निशाना

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी जैसी समस्याएं बढ़ी हैं। उन्होंने किसानों, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और रोजगार के मुद्दे उठाते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा और अस्पतालों में दवाओं तथा डॉक्टरों की कमी है।

उन्होंने प्राथमिक विद्यालयों के बंद होने और आउटसोर्सिंग के माध्यम से भर्तियों को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि आउटसोर्सिंग के जरिए आरक्षण व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर नौकरियों में पूरा आरक्षण और सामाजिक न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।

अयोध्या और तिरंगा यात्रा को लेकर भी साधा निशाना

अखिलेश यादव ने अयोध्या में मंदिर से चढ़ावे की कथित चोरी और जमीन से जुड़े मामलों को लेकर भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता को मुद्दों से भटकाने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने भाजपा द्वारा निकाली जा रही तिरंगा यात्राओं पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि देश की जनता स्वतंत्रता दिवस मनाती है, जबकि भाजपा विभाजन की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा निकालने के साथ भाजपा को अपनी सोच में भी बदलाव करना चाहिए।

2027 में भाजपा की विदाई का दावा

सपा अध्यक्ष ने कहा कि जनता भाजपा की वास्तविकता समझ चुकी है और 2027 में भाजपा का सफाया तय है। उन्होंने कहा कि 2022 में समाजवादी पार्टी बहुत कम अंतर से सरकार बनाने से चूक गई थी, जबकि 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को जनता का व्यापक समर्थन मिला।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी लोधी समाज को सम्मान और राजनीतिक भागीदारी देगी। उन्होंने कहा कि पार्टी जातीय जनगणना के पक्ष में है और सरकार बनने पर जातीय जनगणना कराकर आबादी के अनुपात में सभी वर्गों को हक और सम्मान दिया जाएगा।

विकास और रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरा

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार के कार्यकाल में नोएडा में सैमसंग जैसी कंपनियां स्थापित हुईं, जिससे युवाओं को रोजगार मिला। उन्होंने हरदुआगंज, एटा और ललितपुर में बिजली परियोजनाओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि समाजवादी सरकार ने बड़े पैमाने पर विकास कार्य किए थे।

कार्यक्रम में सांसद आरके चौधरी, पूर्व मंत्री अवधेश वर्मा, हेमराज वर्मा, विधायक मुकेश वर्मा एवं राहुल लोधी, पूर्व विधायक सुंदर लाल लोधी, कप्तान सिंह, रोशन लाल वर्मा, उर्मिला राजपूत सहित हरीश लोधी, अभिलाख सिंह, सुबोध लोधी, सचिन लोधी, अतुल गूजर, अजीम खान, रामसेवक पहलवान, सुधा कथावाचिका, मनवीर सिंह लोधी, वीरेंद्र लोधी, पीयूष, ललिता राजपूत, डॉ. आरपी सिंह, विकास लोधी, गौरव सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments