अधिवक्ताओं को आयुष्मान योजना से जोड़ने की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा गया ज्ञापन

- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। एडवोकेट्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने बुधवार को पुराने देहात न्यायालय परिसर से जिलाधिकारी कार्यालय तक मार्च निकाला। अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री से अधिवक्ता व उनके परिवारों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने या ₹5 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान करने की मांग की।
प्रदेश महामंत्री राजेश तिवारी ने कहा कि जैसे शिक्षकों को आयुष्मान योजना के तहत मुफ्त चिकित्सा सुविधा दी गई है, वैसे ही अधिवक्ताओं और उनके परिवारों को भी इस योजना से जोड़ा जाना चाहिए, ताकि आर्थिक कठिनाई के बिना उनका इलाज संभव हो सके।
वरिष्ठ अधिवक्ता व संरक्षक पं. रविन्द्र शर्मा, पूर्व अध्यक्ष लायर्स एसोसिएशन ने बताया कि स्वास्थ्य बीमा न होने से कई अधिवक्ताओं को उचित इलाज नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कुछ दिन पूर्व उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को भी ज्ञापन सौंपा गया था और अधिवक्तागण वर्षों से इस मांग को लेकर संघर्षरत हैं।
अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्र शेखर ने अधिवक्ताओं का प्रतिवेदन प्राप्त करते हुए आश्वासन दिया कि इसे तत्काल मुख्यमंत्री कार्यालय भेजा जाएगा।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से रिजवान अली खां, राजेंद्र शुक्ला, पूजा गुप्ता, संजीव कपूर, ओ.पी. दुबे, यशु शुक्ला, सतेंद्र राय, शैलेन्द्र कुमार, अंकित मिश्रा, अनूप गुप्ता, महेश अवस्थी, इंद्रेश मिश्रा, वीर जोशी सहित अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे।



