HomeNEWSअनुभव प्रमाणन प्रक्रिया का सरलीकरण किया जाए : माध्यमिक शिक्षक संघ

अनुभव प्रमाणन प्रक्रिया का सरलीकरण किया जाए : माध्यमिक शिक्षक संघ

प्रधानाचार्य एवं प्रधानाध्यापक भर्ती विज्ञापन-2026 में आवेदन को लेकर शिक्षकों की परेशानी उठाई, संयुक्त शिक्षा निदेशक को सौंपा ज्ञापन

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। प्रधानाचार्य एवं प्रधानाध्यापकों के विज्ञापन-2026 में वित्तपोषित एवं वित्तविहीन दोनों प्रकार के शिक्षकों को आवेदन की अनुमति मिलने के बावजूद अनुभव प्रमाणन की जटिल प्रक्रिया के चलते शिक्षकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के समाधान की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (पांडेय गुट) के पदाधिकारियों ने संयुक्त शिक्षा निदेशक, कानपुर मंडल मनोज कुमार द्विवेदी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संघ के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. शैलेन्द्र द्विवेदी ने किया। उन्होंने बताया कि शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा प्रधानाचार्य एवं प्रधानाध्यापकों के विज्ञापन-2026 में वित्तपोषित एवं वित्तविहीन दोनों प्रकार के शिक्षकों को आवेदन करने की अनुमति दी गई है। इसके बावजूद कानपुर मंडल के विभिन्न जनपदों में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालयों द्वारा अलग-अलग प्रकार के दस्तावेज मांगे जा रहे हैं। इससे आवेदन प्रक्रिया जटिल हो गई है और बड़ी संख्या में शिक्षक अभी तक आवेदन नहीं कर पा रहे हैं।

ऑनलाइन पोर्टल के आधार पर हो अनुभव प्रमाणन

डॉ. शैलेन्द्र द्विवेदी ने वार्ता के दौरान मांग रखी कि वित्तविहीन शिक्षकों का अनुभव प्रमाणन माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट अथवा यू-डायस पोर्टल को आधार बनाकर किया जाए। वहीं, वित्तपोषित विद्यालयों के शिक्षकों का अनुभव प्रमाणन मानव संपदा पोर्टल के आधार पर किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि अनुभव प्रमाणन की प्रक्रिया सभी जनपदों में एक समान होनी चाहिए, जिससे शिक्षकों को अनावश्यक दस्तावेजों और कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रक्रिया का सरलीकरण होने से सभी पात्र शिक्षक निर्धारित समय सीमा में आवेदन कर सकेंगे।

जेडी ने दिया समस्या के समाधान का आश्वासन

संयुक्त शिक्षा निदेशक मनोज कुमार द्विवेदी ने शिक्षक प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुना और समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कानपुर मंडल के सभी जनपदों के जिला विद्यालय निरीक्षकों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएंगे, ताकि अनुभव प्रमाणन की प्रक्रिया में एकरूपता लाई जा सके और शिक्षकों को आवेदन करने में किसी प्रकार की अनावश्यक कठिनाई का सामना न करना पड़े।

प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि विभागीय स्तर पर जल्द निर्देश जारी होने से प्रधानाचार्य एवं प्रधानाध्यापक भर्ती प्रक्रिया में आवेदन करने वाले पात्र शिक्षकों को राहत मिलेगी।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष रमेश चंद्र पांडेय, मंडल संगठन मंत्री सर्वेश तिवारी, जिला महामंत्री डॉ. राहुल कुमार मिश्रा तथा प्रधानाचार्य परिषद के जिलाध्यक्ष प्रेम चंद्र त्रिपाठी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments