व्यापार मंडल की मांग पर एफएसडीए ने दिया आश्वासन, सफाई के नाम पर निलंबित मिठाई एवं रेस्टोरेंट कारोबारियों के लाइसेंस भी होंगे बहाल
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। दीपावली पर्व को देखते हुए खाद्य एवं मिठाई कारोबारियों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के पदाधिकारियों ने मिठाई एवं रेस्टोरेंट कारोबारियों के साथ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) के मंडलीय सहायक आयुक्त सुनील शर्मा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने दीपावली के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में जांच, सैंपलिंग और सफाई के नाम पर लाइसेंस निलंबित किए जाने की कार्रवाई से राहत देने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र, जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता गोरे, प्रदेश मंत्री रोशन गुप्ता एवं जिला कोषाध्यक्ष मनोज गुप्ता कुक्कू ने किया। बैठक के दौरान खाद्य कारोबारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। वार्ता के बाद मंडलीय सहायक आयुक्त सुनील शर्मा ने आश्वासन दिया कि विशेष परिस्थितियों को छोड़कर दीपावली तक खाद्य प्रतिष्ठानों में जांच एवं सैंपलिंग की कार्रवाई नहीं की जाएगी। साथ ही सफाई और सामान्य कमियों के आधार पर निलंबित किए गए मिठाई एवं रेस्टोरेंट कारोबारियों के लाइसेंस बहाल करने का भी आश्वासन दिया।
व्यापार मंडल चलाएगा सफाई अभियान
बैठक में यह भी सहमति बनी कि व्यापार मंडल अपने स्तर पर मिठाई एवं रेस्टोरेंट प्रतिष्ठानों के किचन और बाथरूम में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाएगा। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र ने कहा कि उनका संगठन खाद्य पदार्थों में मिलावट का हमेशा विरोध करता रहा है। संगठन चाहता है कि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण, शुद्ध और स्वच्छ खाद्य सामग्री उपलब्ध हो, लेकिन खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन के नाम पर ईमानदार व्यापारियों का अनावश्यक उत्पीड़न भी नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि दीपावली वर्ष का सबसे महत्वपूर्ण व्यापारिक पर्व है। इस दौरान मिठाई एवं खाद्य कारोबारियों का व्यापार चरम पर रहता है। ऐसे समय में सफाई जैसी सामान्य कमियों के आधार पर लाइसेंस निलंबित कर देना व्यापारियों के पूरे कारोबार को प्रभावित करता है। लाइसेंस निलंबित होने के कारण व्यापारी कानूनी रूप से अपना माल बेचने में असमर्थ हो जाता है, जिससे उसे भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
बाहरी जिलों के अधिकारियों की कार्रवाई पर जताई नाराजगी
ज्ञानेश मिश्र ने यह भी कहा कि कानपुर के बाहर के जिलों से अधिकारियों के आकर स्थानीय व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करने से व्यापारियों में भय का माहौल बन रहा है। उन्होंने इस व्यवस्था पर तत्काल रोक लगाने की मांग की, ताकि त्योहार के दौरान व्यापारी बिना अनावश्यक परेशानी के अपना कारोबार कर सकें।
वार्ता के दौरान मंडलीय सहायक आयुक्त सुनील शर्मा ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि विशेष परिस्थितियों को छोड़कर दीपावली तक खाद्य प्रतिष्ठानों में जांच एवं सैंपलिंग नहीं की जाएगी। इसके अलावा सफाई एवं सामान्य कमियों के आधार पर निलंबित किए गए मिठाई और रेस्टोरेंट कारोबारियों के लाइसेंस बहाल करने की दिशा में भी सकारात्मक आश्वासन दिया।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने एफएसडीए के अधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि संगठन उपभोक्ताओं को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने और व्यापारियों के सम्मान एवं हितों की रक्षा के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा।

