HomeNEWSअवैध बालू खनन पर डीएम सख्त, 8 सदस्यीय टास्क फोर्स को दिए...

अवैध बालू खनन पर डीएम सख्त, 8 सदस्यीय टास्क फोर्स को दिए कड़े निर्देश

औरैया में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक, सीमावर्ती राज्यों के साथ समन्वय कर तैयार होगी एसओपी

  • विवेक कुमार

औरैया। जनपद में अवैध बालू खनन पर रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में अवैध खनन पर प्रभावी एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान वन विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि पिछले पांच वर्षों में अवैध बालू खनन का कोई मामला सामने नहीं आया है। इस पर जिलाधिकारी ने निगरानी व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं सतर्क बनाए रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अवैध खनन रोकने के लिए गठित 8 सदस्यीय टास्क फोर्स को सक्रियता से कार्रवाई करने के आदेश दिए। साथ ही देवकली चेकगेट की फीड पर पुलिस एवं वन विभाग को संयुक्त रूप से सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अवैध खनन में संलिप्त पाए जाने वाले वाहनों को तत्काल प्रभाव से सीज किया जाए। इसके अलावा पुलिस और वन विभाग की संयुक्त गश्त टीम गठित कर नियमित रूप से अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान के समन्वय से अवैध खनन रोकने के लिए एक मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार की जाएगी, ताकि सीमावर्ती क्षेत्रों में प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments