HomeNEWSआरक्षण दिवस पर सपा ने मनाया ‘संविधान मान स्तंभ दिवस’, अखिलेश यादव...

आरक्षण दिवस पर सपा ने मनाया ‘संविधान मान स्तंभ दिवस’, अखिलेश यादव बोले— संविधान बचेगा तभी आरक्षण बचेगा

लखनऊ सहित प्रदेश के सभी जिला कार्यालयों में हुए कार्यक्रम, सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा का लिया गया संकल्प

अखिलेश कुमार अग्रहरि

लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने शनिवार को प्रदेश मुख्यालय लखनऊ सहित प्रदेश के सभी जिला कार्यालयों में आरक्षण दिवस को ‘संविधान मान स्तंभ दिवस’ के रूप में मनाया। लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने सामाजिक न्याय, आरक्षण और संविधान की मूल भावना पर अपने विचार रखे।

अखिलेश यादव ने कहा कि 26 जुलाई का दिन भारतीय सामाजिक न्याय के इतिहास में विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि इसी दिन महात्मा ज्योतिबा फुले के विचारों से प्रेरित होकर कोल्हापुर के राजर्षि छत्रपति शाहूजी महाराज ने अपने राज्य में आरक्षण व्यवस्था लागू की थी, जो आगे चलकर संविधान में सामाजिक न्याय के आधार के रूप में स्थापित हुई।

उन्होंने कहा कि संविधान ही सामाजिक समानता और न्याय का सबसे बड़ा आधार है। संविधान के संरक्षण से ही आरक्षण और वंचित वर्गों के अधिकार सुरक्षित रह सकते हैं। उन्होंने कहा कि संविधान समाज में समान अवसर सुनिश्चित करने के साथ लोकतंत्र को मजबूत करने का कार्य करता है।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय और संविधान की मूल भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संविधान के मूल्यों की रक्षा और सामाजिक समानता के लिए निरंतर संघर्ष करने का आह्वान किया।

लखनऊ महानगर कार्यालय कैसरबाग में भी आरक्षण दिवस एवं संविधान मान स्तंभ दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संविधान के महत्व, सामाजिक न्याय और आरक्षण व्यवस्था पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे तथा संविधान की रक्षा का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, प्रो. रमेश दीक्षित, डॉ. मधु गुप्ता, फाखिर सिद्दीकी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments