HomeNEWSकारगिल विजय दिवस पर सपा का कार्यक्रम, अखिलेश यादव ने शहीदों को...

कारगिल विजय दिवस पर सपा का कार्यक्रम, अखिलेश यादव ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि

लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में कारगिल विजय दिवस और संविधान मानस्तंभ स्थापना दिवस मनाया गया, पूर्व सैनिक का सम्मान कर युवाओं से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का आह्वान

  • अखिलेश कुमार अग्रहरि

लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने शनिवार को राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के सभी जिलों में कारगिल विजय दिवस और संविधान मानस्तंभ स्थापना दिवस मनाया। लखनऊ स्थित पार्टी के राज्य मुख्यालय के डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और सेना की इंजीनियरिंग रेजीमेंट के लांस नायक राम भुवाल को शाल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि 26 जुलाई भारतीय इतिहास का गौरवशाली दिन है। इस दिन जहां देश कारगिल युद्ध में भारतीय सेना के अदम्य साहस और शौर्य को याद करता है, वहीं सामाजिक न्याय की भावना को सशक्त करने वाले संविधान मानस्तंभ स्थापना दिवस का भी विशेष महत्व है।

उन्होंने कहा कि भारतीय सेना देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए हर परिस्थिति में समर्पित रहती है और कारगिल युद्ध में जवानों के पराक्रम ने देश की अखंडता और सम्मान की रक्षा की। उन्होंने सैनिकों के साहस को नमन करते हुए कहा कि देशवासियों को अपनी सेना पर गर्व है।

अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार की नीतियों, सीमा सुरक्षा, परीक्षा प्रणाली और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं को लेकर सबसे पहले समाजवादी पार्टी ने आवाज उठाई थी और युवाओं के हितों की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।

उन्होंने हाल के छात्र आंदोलनों का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं में अपने अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ी है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी युवाओं के मुद्दों के साथ मजबूती से खड़ी है और भविष्य में भी उनके हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।

अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए मतदान का अधिकार सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क बढ़ाने पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, समाजवादी सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष शरद सरन सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments