अवैध पार्किंग, ई-रिक्शा संचालन और चोक प्वाइंट्स हटाने के दिए निर्देश
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार ने सुगम यातायात योजना “आरटीसी (Reducing Traffic Congestion) स्कीम” के अंतर्गत घंटाघर चौराहा, कोपरगंज तिराहा, डिप्टी पड़ाव तथा जरीब चौकी चौराहा का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने यातायात व्यवस्था, अवैध पार्किंग, ई-रिक्शा एवं ऑटो संचालन, सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण तथा प्रमुख चौराहों पर यातायात संचालन की स्थिति का गहन अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं यातायात कर्मियों को निर्देश दिए कि प्रमुख चौराहों एवं तिराहों से कम से कम 100 मीटर की दूरी पर ही ई-रिक्शा, ई-ऑटो एवं टेम्पो सवारी बैठाएं और उतारें, ताकि चौराहों पर जाम की स्थिति न बने।
पुलिस उपायुक्त ने सड़क पर अनावश्यक रूप से खड़े रहने वाले वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। साथ ही चौराहों एवं तिराहों पर चिन्हित चोक प्वाइंट्स (Choke Points) की पहचान कर उनके कारणों को दूर करने के निर्देश दिए, जिससे यात्रियों का यात्रा समय कम किया जा सके और यातायात अधिक सुचारु रूप से संचालित हो।
इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार ने बताया कि आरटीसी स्कीम का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को सुरक्षित, सुगम एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि प्रभावी यातायात प्रबंधन के माध्यम से जाम की समस्या को कम करने और आमजन को बेहतर आवागमन सुविधा प्रदान करने के लिए निरंतर निरीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान संबंधित रूट मार्शल एवं सेक्टर प्रभारी भी उपस्थित रहे।


