द्वितीय स्थापना दिवस पर अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं तीमारदारों को वितरित की खाद्य सामग्री, मानव सेवा का दिया संदेश
- अमित तिवारी
अम्बेडकरनगर। आरम्भ फाउंडेशन के द्वितीय स्थापना दिवस के अवसर पर एमसीएच विंग, संयुक्त जिला चिकित्सालय में भर्ती मरीजों एवं उनके तीमारदारों को खाद्य सामग्री वितरित कर मानव सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पी. एन. यादव, विशिष्ट अतिथि उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय वर्मा तथा संस्था अध्यक्ष संध्या सिंह समीप द्वारा संयुक्त रूप से खाद्य सामग्री वितरण कर किया गया। कार्यक्रम संस्था अध्यक्ष संध्या सिंह “समीप” के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें मरीजों को फल, बिस्किट, ब्रेड, जूस एवं अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री वितरित की गई।
इस अवसर पर डॉ. पी. एन. यादव ने कहा कि सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी से स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने आरम्भ फाउंडेशन द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण एवं जनहित के कार्यों में निभाई जा रही सक्रिय भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
विशिष्ट अतिथि डॉ. संजय वर्मा ने संस्था के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बनते हैं और लोगों को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करते हैं।
संस्था अध्यक्ष संध्या सिंह “समीप” ने कहा कि समाज सेवा केवल दायित्व नहीं बल्कि मानवता के प्रति समर्पण का माध्यम है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों को थोड़ी सी सहायता और आत्मीयता भी बड़ी राहत प्रदान करती है। संस्था लगातार स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा पूर्व में उत्तर प्रदेश रक्तकुम्भ सम्मान समारोह, “स्वयंसिद्धा सम्मान” तथा “शक्ति वंदन सम्मान” जैसे कई जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव एवं महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिला है।
संस्था समय-समय पर रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, पौधरोपण, खाद्य सामग्री वितरण एवं महिला जागरूकता कार्यक्रम जैसे अनेक सामाजिक कार्य भी संचालित करती रही है।
कार्यक्रम में एमआर उद्योग के डायरेक्टर विवेक साहू, ओम शक्ति इंटरप्राइजेज के अंकित अग्रहरि, रौनक गारमेंट्स के विकास गुप्ता, महेश कुशवाहा, मिशन ग्रीन अर्थ से आलोक वर्मा, ओम प्रकाश जायसवाल सहित चिकित्सालय स्टाफ एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


