ईद पर लखनऊ में अखिलेश यादव का जोरदार स्वागत, हजारों समर्थकों की उमड़ी भीड़


ईदगाह से लेकर शहर की सड़कों तक गूंजे ‘अखिलेश भैया’ के नारे
- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। ईद-उल-फितर के मौके पर राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। ईदगाह में नमाज के दौरान और उसके बाद हजारों की संख्या में मौजूद लोगों ने उनका तहेदिल से अभिनंदन किया।
अखिलेश यादव 21 मार्च 2026 को नमाजियों के बीच पहुंचे और सुरक्षा की परवाह किए बिना लोगों से मुलाकात कर उन्हें ईद की मुबारकबाद दी। शहर की सड़कों और गलियों में जहां-जहां से उनका काफिला गुजरा, वहां बड़ी संख्या में समर्थक उनके स्वागत के लिए मौजूद दिखे। हुसैनाबाद घंटाघर क्षेत्र में भी लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली।

इस दौरान उन्होंने कई स्थानों पर जाकर लोगों से मुलाकात की और ईद की बधाई दी। शाही ईदगाह के इमाम खालिद रसीद फिरंगी महली से भी उन्होंने भेंट की। साथ ही विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक व्यक्तियों के आवास पर पहुंचकर शुभकामनाएं दीं।
इंदिरानगर क्षेत्र में व्यापारियों और सामाजिक संगठनों ने भी उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कई जगहों पर समर्थकों ने उनके नेतृत्व में प्रदेश के विकास और भविष्य को लेकर भरोसा जताया।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी सहित कई नेता और कार्यकर्ता भी उनके साथ मौजूद रहे। पूरे आयोजन में उमड़ी भीड़ को अखिलेश यादव की लोकप्रियता और जनसमर्थन के रूप में देखा जा रहा है।



