HomeBundelkhandउद्योग बंधु बैठक में डीएम गौरांग राठी का बड़ा ऐलान, जाम से...

उद्योग बंधु बैठक में डीएम गौरांग राठी का बड़ा ऐलान, जाम से निपटने के लिए खुद सड़कों पर उतरेंगे

उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा, स्वरोजगार योजनाओं और जीबीसी 5.0 की तैयारियों की समीक्षा

  • नरेश राठौर

झांसी। उद्योग एवं व्यापार को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से आयोजित उद्योग बंधु बैठक में जिलाधिकारी गौरांग राठी ने उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि उद्योगों के अनुकूल वातावरण तैयार करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करेंगे।

बैठक के दौरान शहर में बढ़ती यातायात समस्या और जाम पर चिंता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए वे स्वयं संबंधित अधिकारियों के साथ सड़कों पर उतरकर स्थिति का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और प्रमुख चौराहों व बाजारों में प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में उद्यमियों द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं भी रखी गईं, जिनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि निवेश और उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, स्वरोजगार योजनाओं तथा आगामी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (GBC) 5.0 की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ा जाए।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा उद्यमी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments