HomeNEWSकांवड़ यात्रा को लेकर यातायात व्यवस्था सख्त, भारी वाहनों के डायवर्जन प्लान...

कांवड़ यात्रा को लेकर यातायात व्यवस्था सख्त, भारी वाहनों के डायवर्जन प्लान पर मंथन

1 अगस्त रात 8 बजे से 3 अगस्त रात 12 बजे तक लागू रहेगी डायवर्जन व्यवस्था, आपातकालीन सेवाओं को मिलेगी छूट

अंकित बाजपेई

कानपुर नगर। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस कार्यालय सभागार में पुलिस उपायुक्त (यातायात) रवीन्द्र कुमार की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में 1 अगस्त 2026 (शनिवार) रात्रि 8 बजे से 3 अगस्त 2026 (सोमवार) रात्रि 12 बजे तक लागू रहने वाली भारी वाहनों की अंतरजनपदीय डायवर्जन व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की गई।

गोष्ठी में श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान विभिन्न जनपदों से गुजरने वाले भारी एवं व्यावसायिक वाहनों के आवागमन, संभावित यातायात दबाव तथा कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। पुलिस उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि डायवर्जन प्लान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि विभिन्न घाटों से जल भरकर जलाभिषेक के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में डायवर्जन मार्गों, वैकल्पिक रूटों तथा बैरियर प्वाइंट्स की भी विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने, यातायात को सुचारु बनाए रखने तथा आमजन को समय रहते डायवर्जन की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

पुलिस उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि डायवर्जन व्यवस्था के दौरान एम्बुलेंस, चिकित्सकीय आपातकालीन सेवाओं एवं मरीजों को ले जाने वाले वाहनों को पूरी तरह छूट रहेगी। आवश्यकता पड़ने पर ऐसे वाहनों के लिए ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि वे न्यूनतम समय में सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।

गोष्ठी में अपर पुलिस उपायुक्त यातायात कपिल देव सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात मनोज कुमार सिंह, संजय कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments