उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने विनय कटियार से की मुलाकात, कुशलक्षेम जाना

- शालिनी शर्मा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने हिंदुत्व की राजनीति के प्रमुख चेहरा रहे वरिष्ठ नेता विनय कटियार से आज लखनऊ में सपत्नीक भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उनके परिवार के सदस्यों से भी आत्मीय संवाद किया गया।
उल्लेखनीय है कि कानपुर की पावन धरा पर जन्मे विनय कटियार ने कानपुर विश्वविद्यालय से कॉमर्स में स्नातक की डिग्री प्राप्त की। राष्ट्र निर्माण के उत्साह से प्रेरित होकर उन्होंने अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत की।

उनकी सक्रिय राजनीतिक पारी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से शुरू हुई। वे 1970 से 1974 तक एबीवीपी की उत्तर प्रदेश इकाई के संगठन सचिव रहे और 1974 के जेपी आंदोलन में भी सक्रिय भूमिका निभाई। बाद में वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्णकालिक कार्यकर्ता बने।
वर्ष 1984 में उन्होंने बजरंग दल की स्थापना की और श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राजनीतिक जीवन में वे 1991, 1996 और 1999 में अयोध्या (फैजाबाद) से लोकसभा सांसद चुने गए, जबकि 2012 में उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सदस्य बने।
इसके अलावा वे 2002 से 2004 तक उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष तथा 2006 में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी रहे।



