HomeBundelkhandएडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने झांसी में किया औचक निरीक्षण, पुलिसिंग को और...

एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने झांसी में किया औचक निरीक्षण, पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के दिए निर्देश

कोतवाली, एसएसपी कार्यालय और साइबर जागरूकता कार्यक्रम का लिया जायजा, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध नियंत्रण पर दिया जोर

  • रितिका शुक्ला

झांसी। कानपुर जोन की एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने झांसी जनपद के भ्रमण के दौरान विभिन्न पुलिस इकाइयों का औचक निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था, कार्यालयीय कार्यप्रणाली तथा जनसुरक्षा से जुड़े विषयों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कोतवाली झांसी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय तथा पंडित दीनदयाल सभागार में आयोजित ऑपरेशन जागृति एवं साइबर क्राइम अवेयरनेस कार्यक्रम में सहभागिता की।

एडीजी ने सर्वप्रथम कोतवाली झांसी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कक्ष, साइबर सेल, महिला हेल्प डेस्क, शस्त्रागार, भोजनालय, बैरक, मालखाना तथा अन्य कार्यालय कक्षों का अवलोकन किया। उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव, अद्यतनकरण एवं सुव्यवस्थित संधारण की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की स्वच्छता व्यवस्था, पुलिस कर्मियों की सुविधाओं तथा जनसुविधाओं का भी जायजा लिया गया। एडीजी ने शस्त्रागार में रखे शस्त्रों की सुरक्षा एवं रख-रखाव व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए उन्हें निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। महिला हेल्प डेस्क एवं साइबर सेल की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए महिला सुरक्षा, जनसुनवाई और साइबर अपराधों के प्रभावी निस्तारण पर विशेष बल दिया गया।

इसके बाद एडीजी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्रधान लिपिक शाखा, वाचक कार्यालय एवं अभिसूचना इकाई सहित विभिन्न शाखाओं के अभिलेखों और कार्यालयीय कार्यों का गहन अवलोकन किया। इस दौरान लंबित प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता तथा समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एडीजी ने अपनी समस्याओं और शिकायतों को लेकर पहुंचे फरियादियों की शिकायतें भी सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं और समय पर न्याय मिल सके।

भ्रमण के दौरान एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने पंडित दीनदयाल सभागार में आयोजित “ऑपरेशन जागृति एवं साइबर क्राइम अवेयरनेस कार्यक्रम” का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने महिलाओं, बच्चों एवं समाज के विभिन्न वर्गों को जागरूक बनाने के उद्देश्य से संचालित ऑपरेशन जागृति की जानकारी दी।

उन्होंने बढ़ते साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया धोखाधड़ी तथा बैंकिंग साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। एडीजी ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश अथवा ऑनलाइन गतिविधि के प्रति सतर्क रहें और साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सुरक्षित एवं जागरूक समाज के निर्माण में जनभागीदारी की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि पुलिस और जनता के सहयोग से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments