HomeNEWSस्तन कैंसर के प्रति जागरूकता ही बचाव का सबसे प्रभावी उपाय :...

स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता ही बचाव का सबसे प्रभावी उपाय : राखी गंगवार

‘पैड वुमन’ के नाम से प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता ने महिलाओं से नियमित जांच कराने और शुरुआती लक्षणों को गंभीरता से लेने की अपील की

  • समय टुडे डेस्क।

बरेली। महिलाओं के स्वास्थ्य और मासिक धर्म स्वच्छता को लेकर लंबे समय से जागरूकता अभियान चला रहीं सामाजिक कार्यकर्ता राखी गंगवार ने स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि स्तन कैंसर केवल एक बीमारी नहीं, बल्कि एक ऐसी चेतावनी है जिसे समय रहते समझना और उस पर कार्रवाई करना बेहद जरूरी है।

राखी गंगवार ने कहा कि अधिकांश महिलाएं परिवार की जिम्मेदारियों में अपनी सेहत को नजरअंदाज कर देती हैं। जबकि एक स्वस्थ महिला ही परिवार की खुशहाली और सुरक्षा का आधार होती है। इसलिए महिलाओं को अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और शरीर में होने वाले बदलावों को गंभीरता से लेना चाहिए।

उन्होंने बताया कि स्तन में गांठ महसूस होना, स्तन के आकार या त्वचा में बदलाव, निप्पल से असामान्य स्राव तथा लगातार दर्द या सूजन जैसे लक्षणों को कभी अनदेखा नहीं करना चाहिए। ऐसे किसी भी संकेत के दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेना आवश्यक है।

राखी गंगवार ने कहा कि हर गांठ कैंसर नहीं होती, लेकिन हर असामान्य बदलाव की जांच जरूर होनी चाहिए। शर्म, झिझक या डर के कारण जांच में देरी करना कई बार गंभीर परिणामों का कारण बन सकता है। समय पर पहचान होने पर स्तन कैंसर का सफल उपचार संभव है।

उन्होंने महिलाओं से अपनी सेहत के प्रति सजग रहने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और अन्य महिलाओं को भी इस विषय में जागरूक करने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि जागरूकता, समय पर जांच और सही उपचार ही स्तन कैंसर के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments