
पुलिसकर्मियों की सुविधाओं, अनुशासन और कार्यप्रणाली की समीक्षा, समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश
समय टुडे डेस्क।
कानपुर जोन की अपर पुलिस महानिदेशक अनुपम कुलश्रेष्ठ ने जनपद कन्नौज के भ्रमण के दौरान रिजर्व पुलिस लाइन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शस्त्रागार, भोजनालय, बैरक, परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव तथा पुलिसकर्मियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान एडीजी ने व्यवस्थाओं की गुणवत्ता, अनुशासन और कार्मिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस बल की कार्यक्षमता और मनोबल को बनाए रखने के लिए बेहतर सुविधाएं और सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली आवश्यक है।

इसके उपरांत आयोजित पुलिस सम्मेलन में अनुपम कुलश्रेष्ठ ने कर्मचारियों से संवाद स्थापित किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों की समस्याओं, सुझावों एवं सेवा संबंधी कठिनाइयों को गंभीरता से सुना गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्मिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

एडीजी ने कहा कि पुलिसकर्मियों की समस्याओं के समाधान से न केवल उनका मनोबल बढ़ता है, बल्कि कार्यक्षमता में भी सकारात्मक सुधार आता है। उन्होंने सभी कर्मियों को अनुशासन, बेहतर कार्यसंस्कृति और जनसेवा के प्रति समर्पण की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पुलिस बल के कल्याण और कार्य वातावरण को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं, ताकि आमजन को प्रभावी और संवेदनशील पुलिसिंग का लाभ मिल सके।


