एनडीए उम्मीदवार सी.पी. राधाकृष्णन बने देश के 15वें उपराष्ट्रपति

- नेहा पाठक
नई दिल्ली। एनडीए समर्थित उम्मीदवार और महाराष्ट्र के राज्यपाल रहे सी.पी. राधाकृष्णन मंगलवार को भारत के 15वें उपराष्ट्रपति निर्वाचित हुए। उन्होंने विपक्षी इंडिया ब्लॉक के उम्मीदवार जस्टिस बी. सुदर्शन रेड्डी को 152 मतों से हराया।
उप-राष्ट्रपति चुनाव में कुल 98.20% मतदान हुआ। 788 सांसदों में से 767 ने वोट डाला। एनडीए उम्मीदवार राधाकृष्णन को प्रथम वरीयता के 452 मत मिले, जबकि विपक्षी उम्मीदवार रेड्डी को 300 वोट प्राप्त हुए। 15 मत अमान्य घोषित किए गए।
राज्यसभा महासचिव पी.सी. मोदी ने परिणाम घोषित करते हुए कहा कि राधाकृष्णन स्पष्ट बहुमत से विजयी रहे। इस चुनाव में बीजू जनता दल के सात, भारत राष्ट्र समिति के चार, शिरोमणि अकाली दल के एक और एक निर्दलीय सांसद ने मतदान नहीं किया।
उप-राष्ट्रपति का पद 21 जुलाई 2025 से खाली था, जब तत्कालीन उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों से इस्तीफा दिया था।
राधाकृष्णन का राजनीतिक सफर
चंद्रपुरम पोन्नुसामी राधाकृष्णन (जन्म 20 अक्टूबर 1957, तिरुपुर, तमिलनाडु) भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं। वे कोयंबटूर से दो बार सांसद रह चुके हैं। संगठनात्मक स्तर पर उन्होंने 1996 में भाजपा तमिलनाडु सचिव के रूप में कार्य किया और बाद में राज्य अध्यक्ष भी बने।
उन्होंने झारखंड, तेलंगाना और पुडुचेरी के उपराज्यपाल का कार्यभार भी संभाला। जुलाई 2024 तक वे महाराष्ट्र के राज्यपाल रहे।
अपने राजनीतिक जीवन में राधाकृष्णन ने संसदीय समितियों में महत्वपूर्ण भूमिकाएँ निभाईं और 2004 में राज्य अध्यक्ष रहते हुए 93 दिन की ‘रथ यात्रा’ का नेतृत्व किया। वे 2016 से 2020 तक कॉयर बोर्ड (कोच्चि) के अध्यक्ष भी रहे।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्होंने अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, चीन, जापान समेत कई देशों की यात्राएँ की हैं।



