बैक पेपर व्यवस्था में बदलाव और ‘BPRD’ रिजल्ट स्पष्ट करने की उठाई मांग
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के एलएलबी छात्रों की विभिन्न समस्याओं को लेकर विधि छात्र मोर्चा ने विश्वविद्यालय के कुलपति को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में एलएलबी चतुर्थ सेमेस्टर के परिणाम में बड़ी संख्या में छात्रों के सामने आए ‘BPRD’ उल्लेख तथा बैक पेपर व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से वर्तमान ‘अल्टरनेट चांस’ व्यवस्था समाप्त कर प्रत्येक सेमेस्टर परीक्षा के साथ ही बैक पेपर परीक्षा आयोजित कराने की मांग की। उनका कहना है कि मौजूदा व्यवस्था के कारण छात्रों का एक वर्ष तक शैक्षणिक नुकसान होता है।
ज्ञापन में एलएलबी चतुर्थ सेमेस्टर के परिणाम में बड़ी संख्या में छात्रों के रिजल्ट पर ‘BPRD’ अंकित होने पर भी चिंता व्यक्त की गई। छात्रों ने विश्वविद्यालय से इस शब्द का स्पष्ट अर्थ सार्वजनिक करने तथा यदि यह किसी तकनीकी या प्रशासनिक त्रुटि का परिणाम है तो सभी प्रभावित छात्रों के परिणामों में शीघ्र सुधार करने की मांग की।
विधि छात्र मोर्चा ने कहा कि छात्रों के शैक्षणिक हितों को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन को जल्द सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए, जिससे विद्यार्थियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।


