लापता बच्चों की बरामदगी और घायल बालक की मदद करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित
- अमित तिवारी
अम्बेडकरनगर। गुमशुदा एवं लापता बच्चों की सकुशल बरामदगी तथा सड़क दुर्घटना में घायल बालक को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मियों को पुलिस अधीक्षक अम्बेडकरनगर सुश्री प्राची सिंह ने सम्मानित किया।
पुलिस अधीक्षक ने सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों की तत्परता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की सराहना की।
पुलिस के अनुसार, गुमशुदा एवं लापता बच्चों की सकुशल बरामदगी पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। वहीं सड़क दुर्घटना में घायल बालक को तत्काल उपचार दिलाने में पुलिसकर्मियों द्वारा दिखाई गई तत्परता भी सराहनीय रही।
एसपी प्राची सिंह ने कहा कि पुलिसकर्मियों का कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय संवेदनशीलता के साथ कार्य करना जनता के बीच पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत करता है। उन्होंने सम्मानित पुलिसकर्मियों को भविष्य में भी इसी प्रकार जिम्मेदारी एवं तत्परता के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रशस्ति पत्र मिलने पर पुलिसकर्मियों का उत्साह बढ़ा और अधिकारियों ने उनके कार्य की सराहना की। पुलिस विभाग की ओर से ऐसे सराहनीय कार्य करने वाले कर्मियों को प्रोत्साहित किए जाने की पहल को सकारात्मक कदम माना जा रहा है।


