सम्मेलन में बसोर-बाल्मीकि समाज की समस्याओं और राजनीतिक हिस्सेदारी का मुद्दा उठा, सपा नेताओं ने 2027 को लेकर कार्यकर्ताओं से की एकजुट होने की अपी
- प्रतीक कुमार
हमीरपुर। राठ विधानसभा क्षेत्र के सरिला कस्बे स्थित लक्ष्मी वाटिका पैलेस में समाजवादी पार्टी की ओर से पीडीए बसोर-बाल्मीकि सम्मेलन का आयोजन किया गया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर आयोजित सम्मेलन की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष इदरीश खान ने की। कार्यक्रम का आयोजन पूर्व चेयरमैन माया बाल्मीकि द्वारा किया गया।
सम्मेलन में हमीरपुर, महोबा एवं तिंदवारी के सांसद आजेंद्र सिंह लोधी तथा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव रामगोपाल पुरी समेत पार्टी के कई पदाधिकारी एवं बसोर-बाल्मीकि समाज के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
राजनीतिक हिस्सेदारी पर उठी आवाज
सांसद आजेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि बसोर-बाल्मीकि समाज प्रदेश के सबसे पिछड़े वर्गों में शामिल है और उसकी राजनीतिक हिस्सेदारी को लेकर वह प्रदेश एवं राष्ट्रीय नेतृत्व से बात करेंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सभी जाति और धर्म के लोगों को जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए अयोध्या से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर आरोप लगाए और कहा कि भाजपा सरकार ने जनता के भरोसे को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने सम्मेलन में मौजूद लोगों से समाजवादी पार्टी को समर्थन देने की अपील की।

सफाई कर्मचारियों की भर्ती और सुविधाओं का मुद्दा
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव रामगोपाल पुरी ने अखिलेश यादव को किसान, गरीब, मजदूर और नौजवानों का नेता बताते हुए कहा कि सपा सरकार के दौरान बाल्मीकि जयंती पर अवकाश, स्थानीय निकायों में सफाई कर्मचारियों की भर्ती तथा सफाई कर्मचारियों के ड्यूटी समय में बदलाव जैसे कदम उठाए गए थे।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर बाल्मीकि जयंती का अवकाश बहाल करने, लंबे समय से रिक्त सफाई कर्मचारियों के पदों पर भर्ती करने तथा 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
भाजपा सरकार पर साधा निशाना
पूर्व चेयरमैन माया बाल्मीकि ने कहा कि भाजपा सरकार में किसान, नौजवान, गरीब और मजदूर परेशान हैं। उन्होंने महंगाई और भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बसोर-बाल्मीकि समाज समेत सभी वर्गों का भविष्य समाजवादी पार्टी में सुरक्षित है।
पूर्व चेयरमैन सहकारी बैंक हमीरपुर पुष्पेंद्र यादव ने कहा कि बाल्मीकि समाज की भावनाओं और राजनीतिक भागीदारी से जुड़े मुद्दों को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने भाजपा सरकार पर सत्ता के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए।
सपा जिलाध्यक्ष इदरीश खान ने कहा कि बाल्मीकि समाज को राजनीतिक प्रतिनिधित्व और टिकट दिए जाने के मुद्दे पर जिला इकाई प्रदेश एवं राष्ट्रीय नेतृत्व से बात करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार से जनता में नाराजगी है और आने वाले समय में समाजवादी पार्टी को इसका लाभ मिलेगा।
बड़ी संख्या में समाज के लोग रहे मौजूद
सम्मेलन में बसोर-बाल्मीकि समाज के विभिन्न प्रतिनिधियों और सपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इनमें रमेश पासवान, मनप्यारे बाल्मीकि, बबलू खोटे, अजय बाल्मीकि, कल्लू बोस बसोर, उदयभान बसोर, विशाल बाल्मीकि, नीलम यादव, गोकुल राजपूत, डॉ. शमीम खान, रामप्रकाश प्रजापति, मायाराम वर्मा, मुलायम सिंह राजपूत, नरायणदास अकेला, उदयभान पासवान, मीरा यादव, संजय यादव समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।
इसके अलावा सरीला, राठ और आसपास के विभिन्न गांवों से बसोर-बाल्मीकि समाज के कई प्रतिनिधि सम्मेलन में पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान समाज की राजनीतिक भागीदारी, रोजगार और विभिन्न सामाजिक मुद्दों को लेकर वक्ताओं ने अपने विचार रखे।


