मेस्टन रोड, शिवाला बाजार और टोपी बाजार में किया जनसंपर्क, जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता ने लोगों से स्थानीय बाजारों में खरीदारी करने की अपील की
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। त्योहारों के दौरान ऑनलाइन शॉपिंग के बढ़ते चलन से स्थानीय खुदरा व्यापार पर पड़ रहे असर के विरोध में कानपुर महानगर कांग्रेस ने पदयात्रा निकालकर दुकानदारों के समर्थन में आवाज बुलंद की। जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मेस्टन रोड, शिवाला बाजार और टोपी बाजार सहित विभिन्न क्षेत्रों में पदयात्रा कर स्थानीय व्यापारियों की समस्याओं को उठाया।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘चौपट होता खुदरा व्यापार, कारण ई-व्यापार’ जैसे नारे लगाकर ऑनलाइन खरीदारी के बढ़ते प्रभाव के प्रति लोगों का ध्यान आकर्षित किया। पदयात्रा के माध्यम से स्थानीय दुकानदारों के कारोबार को बचाने और बाजारों में खरीदारी को बढ़ावा देने की अपील की गई।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि ऑनलाइन शॉपिंग के बढ़ते आकर्षण के कारण छोटे और मध्यम दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। त्योहारों की असली रौनक स्थानीय बाजारों और दुकानदारों से होती है। ऐसे में लोगों को ऑनलाइन खरीदारी के बजाय घरों से निकलकर अपने शहर के बाजारों में खरीदारी करनी चाहिए।
उन्होंने कानपुरवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्थानीय बाजारों से सामान खरीदकर व्यापारी भाइयों की रोजी-रोटी बचाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि खुदरा व्यापार पर संकट का सीधा असर हजारों परिवारों की आजीविका पर पड़ता है। स्थानीय दुकानदारों का कारोबार मजबूत रहेगा तो उनके परिवारों के साथ-साथ शहर की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
पवन गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस स्थानीय व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी और जरूरत पड़ने पर उनके समर्थन में सड़क पर उतरकर संघर्ष करेगी।
पदयात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। वहीं, स्थानीय दुकानदारों ने कांग्रेस की इस पहल की सराहना की।


