गोविन्द नगर पुलिस ने चोरी की तीन दोपहिया वाहन बरामद किए
- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। कमिश्नरेट कानपुर नगर में संचालित ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की मदद से थाना गोविन्द नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की तीन दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहनता से विश्लेषण किया जा रहा था। ऑपरेशन त्रिनेत्र के अंतर्गत लगाए गए कैमरों से प्राप्त महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की तीन दोपहिया वाहन बरामद की गई हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरे काफी उपयोगी साबित हो रहे हैं। इन कैमरों की सहायता से अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में तेजी आई है।
पुलिस ने आमजन से भी अपने प्रतिष्ठानों एवं घरों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है, जिससे अपराध नियंत्रण में जनसहभागिता को और मजबूत किया जा सके।


