HomeNEWSयातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने सड़कों पर उतरे डीसीपी ट्रैफिक, प्रमुख चौराहों...

यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने सड़कों पर उतरे डीसीपी ट्रैफिक, प्रमुख चौराहों का किया निरीक्षण

अतिक्रमण हटाने, जाम से राहत और सड़क सुरक्षा को लेकर दिए सख्त निर्देश

  • अंकित बाजपेई

कानपुर नगर। पुलिस उपायुक्त यातायात श्री रवीन्द्र कुमार द्वारा शनिवार को शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से मरियमपुर चौराहा, फजलगंज चौराहा, बीओबी चौराहा, नन्दलाल चौराहा, चावला चौराहा, सचान चौराहा तथा नौबस्ता चौराहा का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं, यातायात दबाव, अवैध अतिक्रमण तथा यातायात संचालन की वर्तमान स्थिति का गहन अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान डीसीपी ट्रैफिक ने संबंधित अधिकारियों एवं यातायात कर्मियों को निर्देशित किया कि प्रमुख चौराहों एवं व्यस्त मार्गों पर सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात संचालन सुनिश्चित किया जाए तथा जाम की स्थिति उत्पन्न होने पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने सड़क किनारे खड़े वाहनों, अवैध पार्किंग तथा ठेला-खोमचा संचालकों के कारण उत्पन्न हो रही यातायात बाधाओं को तत्काल हटाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि व्यस्त चौराहों पर यातायात का दबाव कम करने के लिए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती की जाए तथा सड़क निर्माण, खुदाई अथवा अन्य कार्यों के कारण प्रभावित यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएं।

डीसीपी ट्रैफिक ने नो-पार्किंग क्षेत्रों में खड़े वाहनों के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। साथ ही आमजन से संवाद स्थापित करते हुए उन्होंने यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित स्थानों पर वाहन पार्क करने तथा सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और आमजन का सहयोग अत्यंत आवश्यक है तथा शहर को जाम मुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments