20 एमएलडी सीईटीपी के लंबित कार्य समय से पूरे कराने के निर्देश, पाइपलाइन और मैनहोल पर दो दिन में मांगी संयुक्त रिपोर्ट
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। जाजमऊ के वाजिदपुर स्थित 20 एमएलडी कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (सीईटीपी) के लंबित कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने और पर्यावरणीय मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट में बैठक हुई। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सीईटीपी परियोजना की प्रगति और उससे जुड़े विभिन्न कार्यों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने पाइपलाइन और मैनहोल से संबंधित शेष कार्यों पर यूपीपीसीबी और प्रोजेक्ट इंजीनियर से संयुक्त रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने रिपोर्ट को सचिव, जेटेटा से सत्यापित कराने के बाद दो दिन के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीईटीपी से निकलने वाले सॉलिड वेस्ट और स्लज के निस्तारण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सॉलिड वेस्ट एवं स्लज का नियमानुसार सुरक्षित और उचित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पर्यावरणीय मानकों का पालन बना रहे।
परियोजना के लंबित कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित कांट्रेक्टर को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीईटीपी से जुड़े शेष कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
बैठक में टेनरी इकाइयों से मिलने वाले संचालन एवं अनुरक्षण (ओएंडएम) शुल्क की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने यूपीपीसीबी को निर्देश दिए कि जिन टेनरी इकाइयों द्वारा ओएंडएम शुल्क के बिलों का भुगतान नहीं किया जा रहा है, उनके विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सीईटीपी परियोजना के सभी लंबित कार्य समय से पूरा कराने के साथ पर्यावरणीय मानकों और निर्धारित नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


