HomeNEWSकांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस उपायुक्त पश्चिम ने बिठूर के प्रमुख घाटों...

कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस उपायुक्त पश्चिम ने बिठूर के प्रमुख घाटों का किया निरीक्षण

श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

  • अंकित बाजपेई

कानपुर नगर। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के मद्देनजर पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने बिठूर थाना क्षेत्र के प्रमुख घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उदरा घाट, पत्थर घाट, ब्रह्मावर्त घाट और रानी लक्ष्मीबाई घाट पर सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन की समीक्षा की गई।

पुलिस उपायुक्त ने घाटों पर बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, गोताखोरों की तैनाती, जल पुलिस, लाइफ जैकेट, मोटरबोट, सीसीटीवी कैमरों तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही आपातकालीन सेवाओं के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न आने देने पर भी जोर दिया गया।

इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त ने प्रमुख धर्मगुरुओं से भी मुलाकात कर श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन एवं आपसी समन्वय बनाए रखने को लेकर चर्चा की तथा उनके सुझाव भी प्राप्त किए।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी (सदर) सहित पुलिस एवं प्रशासन के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments