
एडीजी जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह, खेल भावना एवं अनुशासन की सराहना
- राहुल दीक्षित
कानपुर देहात। रिजर्व पुलिस लाइन, कानपुर देहात में आयोजित कानपुर जोन की 28वीं अन्तरजनपदीय पुलिस वॉलीबॉल क्लस्टर प्रतियोगिता-2026 (वॉलीबॉल एवं सेपकटकरा) का भव्य समापन एडीजी कानपुर जोन श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ द्वारा किया गया। समापन समारोह में खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन एवं खेल भावना की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में जनपद कानपुर देहात की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जनपद झांसी की टीम को 3-0 से पराजित कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं महिला वर्ग में कानपुर कमिश्नरेट की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया, जबकि कानपुर देहात की टीम उपविजेता रही।

समापन समारोह के दौरान एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता को ही नहीं बढ़ाते, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी विकसित करते हैं।

उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं पुलिस बल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच आपसी समन्वय, सौहार्द एवं सहयोग की भावना को मजबूत करती हैं। साथ ही उन्होंने सभी प्रतिभागियों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन ने खिलाड़ियों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ पुलिस बल के भीतर स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं भाईचारे की भावना को भी नई मजबूती प्रदान की।
इस अवसर पर डीआईजी कानपुर परिक्षेत्र, पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।


