HomeNEWSएडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने कोतवाली अकबरपुर व पुलिस अधीक्षक कार्यालय का किया...

एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने कोतवाली अकबरपुर व पुलिस अधीक्षक कार्यालय का किया औचक निरीक्षण

इन्वेस्टिगेशन ट्रैकिंग पोर्टल का शुभारंभ, तकनीकी नवाचार एवं प्रभावी पुलिसिंग पर दिया गया जोर

  • राहुल दीक्षित

कानपुर देहात। एडीजी कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ ने जनपद कानपुर देहात की कोतवाली अकबरपुर का औचक निरीक्षण कर थाना व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन एवं अभिलेखों के रख-रखाव का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, हवालात, सीसीटीएनएस कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, मालखाना, अभिलेखों के संधारण, साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया।

एडीजी ने संबंधित अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को अपराध नियंत्रण, प्रभावी पुलिसिंग एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सीसीटीएनएस एवं अन्य तकनीकी संसाधनों के अधिकतम उपयोग पर विशेष बल देते हुए पुलिसकर्मियों को जनता के प्रति संवेदनशील, जवाबदेह एवं पेशेवर व्यवहार अपनाने तथा अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।

इसके उपरांत एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का भी औचक निरीक्षण किया और कार्यालयीय व्यवस्थाओं तथा प्रशासनिक कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने प्रधान लिपिक शाखा, वाचक कार्यालय, जनशिकायत प्रकोष्ठ सहित विभिन्न महत्वपूर्ण शाखाओं में अभिलेखों के रख-रखाव, पत्रावलियों की अद्यतन स्थिति एवं कार्यालय की समग्र कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एडीजी द्वारा “इन्वेस्टिगेशन ट्रैकिंग पोर्टल” का शुभारंभ भी किया गया। इस पोर्टल के माध्यम से 60 एवं 90 दिवस की विवेचनाओं की व्हाट्सएप पर ऑटो-अलर्ट मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है, जिससे लंबित विवेचनाओं की नियमित निगरानी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा सकेगा।

इसके साथ ही ऑपरेशन दृष्टि के अंतर्गत आईसीसीसी भवन कार्य का भी शुभारंभ किया गया। एडीजी ने निर्देश दिए कि सभी अभिलेख समयानुसार अद्यतन रखे जाएं तथा कार्यालयी कार्यों का निष्पादन पूर्ण पारदर्शिता, उत्तरदायित्व एवं दक्षता के साथ सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर डीआईजी कानपुर परिक्षेत्र, पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेंद्र पांडेय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments