HomeNEWSकानपुर देहात में अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत प्रशिक्षण व मॉक ड्रिल...

कानपुर देहात में अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत प्रशिक्षण व मॉक ड्रिल आयोजित

अग्नि सुरक्षा सुनिश्चित कर राष्ट्रीय निर्माण में दें योगदान : प्रतीक श्रीवास्तव

  • विवेक कुमार

कानपुर देहात। अग्नि सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत उत्तर प्रदेश अग्निशमन सेवा एवं आपात सेवा द्वारा कानपुर एडिबल्स प्राइवेट लिमिटेड, रनिया स्थित मयूर फैक्ट्री में अग्नि सुरक्षा प्रबंधन विषय पर प्रशिक्षण एवं मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रतीक श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ मयूर समूह के प्रबंध निदेशक मनोज गुप्ता द्वारा किया गया। प्रशिक्षण सत्र में एफएसएसओ कपिल चाहर एवं आपदा प्रबंधन के मुख्य प्रशिक्षक लखन कुमार शुक्ला ने प्रतिभागियों को अग्नि सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।

मॉक ड्रिल के दौरान वास्तविक परिस्थितियों में फायर फाइटिंग का अभ्यास कराया गया, जिसमें कंपनी की फायर सेफ्टी, रेस्क्यू, प्राथमिक उपचार एवं साइट सेफ्टी टीमों ने सक्रिय भागीदारी की।

विशेषज्ञों ने बताया कि आग लगने के मुख्य कारण लापरवाही, अज्ञानता और जल्दबाजी होते हैं। साथ ही यह भी समझाया गया कि आग ऑक्सीजन, ईंधन और ताप के संयोग से लगती है, और इनमें से किसी एक तत्व को नियंत्रित कर आग पर काबू पाया जा सकता है।

प्रशिक्षण में विभिन्न प्रकार की आग (ठोस, तरल, गैस, धातु एवं विद्युत) तथा अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग की विधि का प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा सिविल डिफेंस टीम द्वारा प्राथमिक उपचार, सीपीआर एवं घायलों के सुरक्षित स्थानांतरण का भी डेमो दिया गया।

कार्यक्रम के अंत में यश मेहता ने उत्तर प्रदेश फायर सर्विस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान प्लांट के कर्मचारी एवं सुरक्षा कर्मी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments