HomeNEWSकानपुर दौरे पर रहे सपा के राष्ट्रीय सचिव कुलदीप सिंह भुल्लर, पीडीए...

कानपुर दौरे पर रहे सपा के राष्ट्रीय सचिव कुलदीप सिंह भुल्लर, पीडीए विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का किया आह्वान

गुरुद्वारों में मत्था टेककर सिख समाज, व्यापारियों और युवाओं से किया संवाद, 2027 को सामाजिक न्याय की लड़ाई बताया

  • ऋषभ कुमार

कानपुर नगर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आह्वान पर पार्टी के राष्ट्रीय सचिव सरदार कुलदीप सिंह भुल्लर दो दिवसीय कानपुर दौरे पर रहे। समाजवादी पार्टी कानपुर महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद के नेतृत्व में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान उन्होंने शहर के कई गुरुद्वारों और सामाजिक स्थलों पर सिख समाज, व्यापारियों, युवाओं एवं विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद स्थापित किया।

कानपुर आगमन पर सरदार कुलदीप सिंह भुल्लर का अमरजीत सिंह सलूजा के नेतृत्व में भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद सरदार सतनाम सिंह भिन्ना के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं सिख समाज के प्रबुद्धजनों ने उनका अभिनंदन किया।

अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान उन्होंने कीर्तनगढ़ गुरुद्वारा साहिब, गुरु तेग बहादुर गुरुद्वारा साहिब, ऐतिहासिक गुरुद्वारा भाई बन्नो साहिब, रामगढ़िया गुरुद्वारा साहिब तथा लाटूश रोड गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेककर संगत को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पीडीए (पिछड़ा, दलित एवं अल्पसंख्यक) की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

सरदार कुलदीप सिंह भुल्लर ने कहा कि देश की आजादी, सीमाओं की सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण में सिख समाज का योगदान अतुलनीय रहा है, लेकिन आज सिख समाज से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सिख समाज को अधूरे इतिहास और भ्रामक तथ्यों के माध्यम से भ्रमित करने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने कहा कि तराई क्षेत्र के सिख किसानों के सामने भूमि एवं मालिकाना हक से जुड़े मुद्दे आज भी गंभीर चिंता का विषय बने हुए हैं। सरकार को इन समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए।

राष्ट्रीय सचिव ने कहा कि पीडीए की लड़ाई केवल चुनावी संघर्ष नहीं, बल्कि सम्मान, हिस्सेदारी और सामाजिक न्याय की लड़ाई है। वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव प्रदेश की जनता और संविधान विरोधी शक्तियों के बीच एक वैचारिक संघर्ष होगा। समाजवादी पार्टी वंचित, पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, किसान, नौजवान एवं मेहनतकश वर्ग की आवाज बनकर संघर्ष कर रही है और आने वाले समय में यही शक्ति प्रदेश में परिवर्तन का आधार बनेगी।

कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद, प्रदेश सचिव के.के. शुक्ला, महासचिव संजय सिंह बंटी सेंगर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेंद्र यादव मिंटू, सरदार अमरजीत सिंह सलूजा, परमवीर गंभीर, दीपक खोटे, बॉबी सिंह, कवलजीत सिंह, अजय श्रीवास्तव, तुषार श्रीवास्तव, आलोक यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments