पीड़ित परिवारों को एक करोड़ रुपये मुआवजा और घायलों के समुचित इलाज की उठाई मांग
- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) पहुंचकर अलीगंज कोचिंग अग्निकांड में गंभीर रूप से घायल युवक जयंत कुमार से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से घायल के उपचार और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
अखिलेश यादव के साथ पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी तथा उत्तरी विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी पूजा शुक्ला भी मौजूद रहीं। उन्होंने घायल युवक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए बेहतर उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि यदि सुरक्षा मानकों और अग्नि सुरक्षा नियमों का सही तरीके से पालन किया गया होता तो अलीगंज में इतनी बड़ी और दुखद घटना नहीं होती। उन्होंने राज्य सरकार से मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि हादसे में घायल सभी लोगों का समुचित इलाज सरकार की जिम्मेदारी है और जो लोग नौकरीपेशा हैं, उन्हें स्वस्थ होने तक पूरा वेतन दिया जाना चाहिए ताकि उनके परिवारों पर आर्थिक संकट न आए।

केजीएमयू के बाहर पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार अहंकार में चूर है और उसे जनता की समस्याएं दिखाई नहीं दे रही हैं। उन्होंने कहा कि अकबर नगर में बुलडोजर कार्रवाई का उदाहरण देते हुए सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि पूर्व में भी अग्निकांड की घटनाओं के बाद सख्त कार्रवाई की बातें की गई थीं, लेकिन कई मामलों में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि गरीबों और आम लोगों को परेशान करने के बजाय दोषियों के खिलाफ प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।
इस अवसर पर समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय महासचिव यामीन खान, प्रदेश अध्यक्ष शकील नदवी, अदनान खान, फखरूल हसन चांद, नवीन धवन बंटी सहित समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


