वेंडर्स को टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के लिए एक सप्ताह का समय, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और नियमित मॉनिटरिंग पर जोर
- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बुधवार को शहर में चल रहे विकास कार्यों और निर्माण परियोजनाओं का जायजा लेने के लिए औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कचहरी स्थित नवनिर्मित मल्टीलेवल पार्किंग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद वह ग्रीनपार्क चौराहा पहुंचे, जहां उन्होंने सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्य का जायजा लिया।
कचहरी स्थित नवनिर्मित मल्टीलेवल पार्किंग के निरीक्षण के दौरान वेंडर्स ने टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के लिए एक सप्ताह का अतिरिक्त समय मांगा। नगर आयुक्त ने पार्किंग से संबंधित प्रक्रिया की जानकारी ली और व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

इसके बाद नगर आयुक्त ने ग्रीनपार्क चौराहे पर सीएम ग्रिड सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा कराया जाए। साथ ही, कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो और निर्माण के प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
नगर आयुक्त ने विकास परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया। निरीक्षण का उद्देश्य शहर में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना और संबंधित परियोजनाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराना रहा।


