
विवेचना को तकनीकी रूप से मजबूत और पारदर्शी बनाने की पहल
- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। पुलिस आयुक्त कानपुर नगर श्री रघुवीर लाल के निर्देशन एवं अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय/अपराध श्री संकल्प शर्मा के निकट पर्यवेक्षण में पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर में विवेचनाओं को अधिक प्रभावी, तकनीकी रूप से सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इसके तहत कुल 945 टैबलेट विवेचकों को वितरित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में बुधवार को चकेरी, नजीराबाद, फजलगंज, चमनगंज सहित विभिन्न थानों के विवेचकों को विवेचना कार्य हेतु टैबलेट प्रदान किए गए। टैबलेट वितरण कार्यक्रम का संचालन अपर पुलिस उपायुक्त लाइन महोदया द्वारा किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इन टैबलेट्स के माध्यम से विवेचना कार्य को डिजिटल और अधिक व्यवस्थित बनाया जाएगा, जिससे मामलों के निस्तारण में तेजी आने के साथ ही कार्यप्रणाली में पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी।
विशेष बात यह है कि सभी टैबलेट्स पर “रिजर्व पुलिस लाइन, पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर” का विशेष एआई जनरेटेड क्यूआर कोड लगाया गया है। इस तकनीक के जरिए टैबलेट के आदान-प्रदान, रखरखाव, रिपेयर एवं रिप्लेसमेंट की प्रक्रिया को अधिक सुगम, पारदर्शी और त्वरित बनाया जा सकेगा।
पुलिस विभाग का मानना है कि आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से विवेचना प्रक्रिया में गुणवत्ता और दक्षता दोनों में सुधार होगा, जिससे आमजन को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराई जा सकेगी।


