
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने को लेकर बनाई गई रणनीति, उत्कृष्ट कार्य पर सीसी टीम प्रभारी फैजान खान सम्मानित
- प्रतीक कुमार
कानपुर नगर। जीरो फैटालिटी डिस्ट्रिक्ट (जेडएफडी) अभियान के तहत डीजी सर्कुलर संख्या 42/25 के अनुपालन में पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार की उपस्थिति में पुलिस ऑफिस सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा “जीरो फैटालिटी डिस्ट्रिक्ट” के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) पर प्रभावी प्रवर्तन सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया गया कि प्रत्येक सड़क दुर्घटना की निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध विवेचना सुनिश्चित की जाए, ताकि दुर्घटनाओं के वास्तविक कारणों की पहचान कर भविष्य में उनकी पुनरावृत्ति को रोका जा सके।
पुलिस उपायुक्त यातायात ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क सुरक्षा संबंधी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके और आमजन की सुरक्षा को मजबूत बनाया जा सके।
बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने पर सीसी टीम प्रभारी महाराजपुर फैजान खान को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।


