
पनकी पुलिस और साइबर क्राइम सेल की संयुक्त कार्रवाई में 5 आरोपी गिरफ्तार, 12,383 सिम कार्ड और 50 मोबाइल बरामद
- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। कमिश्नरेट कानपुर नगर की साइबर क्राइम सेल पश्चिम जोन एवं थाना पनकी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी में प्रयुक्त फर्जी सिम कार्ड और ओटीपी उपलब्ध कराने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और फर्जी सिम कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्त फर्जी फर्मों और दस्तावेजों के माध्यम से हजारों सिम कार्ड प्राप्त करते थे। इसके बाद इन सिम कार्डों को सक्रिय कर साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराया जाता था, जिनका इस्तेमाल विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म पर फर्जी अकाउंट बनाने, ओटीपी सत्यापन कराने और नामचीन कंपनियों के नाम का दुरुपयोग कर लोगों को ठगने में किया जाता था।
जांच के दौरान राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज शिकायतों का विश्लेषण किया गया, जिसमें विभिन्न राज्यों से प्राप्त मामलों में इस नेटवर्क से जुड़े लगभग 36 लाख रुपये की साइबर ठगी का खुलासा हुआ है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 08 लैपटॉप, 50 मोबाइल फोन, 12,383 सिम कार्ड, 40 एटीएम कार्ड सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। बरामद सामग्री से यह संकेत मिला है कि गिरोह संगठित तरीके से लंबे समय से साइबर अपराधियों को तकनीकी संसाधन उपलब्ध करा रहा था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों से गहन पूछताछ की जा रही है और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है। बरामद डिजिटल उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है, जिससे देशभर में सक्रिय साइबर ठगी के कई अन्य मामलों का खुलासा होने की संभावना है।
कानपुर पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे गिरोहों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


