‘आरटीसी स्कीम’ के तहत चोक प्वाइंट चिन्हित करने, अवैध पार्किंग हटाने और एम्बुलेंस को प्राथमिकता देने के निर्देश
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। शहर में यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार ने शुक्रवार को सुगम यातायात योजना “रिड्यूसिंग ट्रैफिक कंजेशन (RTC) स्कीम” के अंतर्गत शहर के कई प्रमुख चौराहों और तिराहों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान चार्लीश चौराहा, पनचक्की चौराहा, नरौना चौराहा, रॉकेट तिराहा, फूलबाग चौराहा, चेतना चौराहा, सरसैया घाट चौराहा, मधुबन तिराहा, सद्भावना चौराहा तथा परेड चौराहा सहित प्रमुख यातायात केंद्रों की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया गया।
डीसीपी ट्रैफिक ने सड़क पर वाहनों के दबाव, अवैध पार्किंग, ई-रिक्शा एवं ऑटो संचालन, सड़क किनारे अतिक्रमण तथा चौराहों पर यातायात संचालन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रमुख चौराहों और तिराहों से कम से कम 100 मीटर की दूरी पर ही ई-रिक्शा, ई-ऑटो और टेम्पो द्वारा सवारियों को बैठाया और उतारा जाए, जिससे चौराहों पर जाम की स्थिति न बने।

निरीक्षण के दौरान सड़क पर अनावश्यक रूप से खड़े रहने वाले वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही विभिन्न चौराहों एवं तिराहों पर चिन्हित चोक प्वाइंट्स (Choke Points) की पहचान कर उनके कारणों को दूर करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया, ताकि यात्रियों का यात्रा समय कम किया जा सके और यातायात का प्रवाह बेहतर बनाया जा सके।
पुलिस उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं यातायात कर्मियों को निर्देशित किया कि यातायात प्रबंधन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा जाम की समस्या वाले क्षेत्रों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विशेष रूप से एम्बुलेंस और आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को प्राथमिकता देने के लिए विशेष यातायात प्रबंधन व्यवस्था लागू करने पर भी बल दिया।
इस अवसर पर रवीन्द्र कुमार ने कहा कि “रिड्यूसिंग ट्रैफिक कंजेशन (RTC) स्कीम” का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है। इसके लिए यातायात पुलिस द्वारा लगातार निरीक्षण, निगरानी और सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि कानपुर की यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।


