HomeNEWSविश्व साइकिल दिवस पर निकली जागरूकता रैली, फिट इंडिया और पर्यावरण संरक्षण...

विश्व साइकिल दिवस पर निकली जागरूकता रैली, फिट इंडिया और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी एवं आरम्भ फाउंडेशन के संयुक्त आयोजन में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

  • अमित कुमार

अम्बेडकरनगर। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर बढ़ते प्रदूषण, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जीजीआईसी अकबरपुर में जागरूकता साइकिल रैली का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, शाखा अम्बेडकरनगर एवं आरम्भ फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, अकबरपुर का विशेष सहयोग रहा।

रैली का शुभारंभ मुख्यायुक्त स्काउट एवं गाइड डॉ. तारा वर्मा, प्रधानाचार्या रेनू वर्मा तथा इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी की चेयरमैन एवं आरम्भ फाउंडेशन की अध्यक्ष संध्या सिंह ‘समीप’ ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। रैली राजकीय बालिका इंटर कॉलेज परिसर से प्रारंभ होकर पटेल तिराहा सहित विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः विद्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।

इस अवसर पर प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, स्वच्छ वायु, हरित जीवनशैली एवं फिट इंडिया अभियान के प्रति जागरूक किया गया। रैली के माध्यम से लोगों को छोटी दूरी के लिए साइकिल का उपयोग करने का संदेश दिया गया, जिससे प्रदूषण कम करने के साथ-साथ स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाया जा सके।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संध्या सिंह ‘समीप’ ने कहा कि वर्तमान समय में पूरी दुनिया पर्यावरणीय चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाए। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक छोटा लेकिन प्रभावी कदम है, जो समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है। स्वस्थ शरीर, स्वच्छ पर्यावरण और जागरूक समाज ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।

उन्होंने बताया कि आरम्भ फाउंडेशन एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी समय-समय पर रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, पौधरोपण, पौधा वितरण, स्वच्छता अभियान, महिला सशक्तिकरण और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का आयोजन करते रहे हैं। विश्व साइकिल दिवस पर आयोजित यह रैली भी उसी जनजागरण अभियान का हिस्सा है।

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को सहभागिता प्रमाण पत्र एवं पेन प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं समाज के सभी वर्गों से पर्यावरण संरक्षण और फिट इंडिया अभियान से जुड़ने की अपील की।

इस अवसर पर नीलम पाण्डेय, रजनी यादव, सरिता यादव, सुमन वर्मा, पुष्पा देवी, राकेश, चंदन सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।

“साइकिल चलाएं, स्वास्थ्य बनाएं — प्रदूषण घटाएं, पर्यावरण बचाएं।”
इसी संदेश के साथ कार्यक्रम में स्वच्छ, स्वस्थ और हरित भारत के निर्माण का संकल्प लिया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments